Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बड़ीखबर: PM मोदी का मिजोरम व मेघालय दौरा आज, बीजेपी के चुनाव अभियान की करेंगे शुरुआत

हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद अब भाजपा की निगाहें पूर्वोत्तर राज्यों पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पूर्वोत्तर के मेघालय और मिजोरम में भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। नगालैंड व त्रिपुरा के साथ इन दोनों राज्यों में भी अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

मोदी शनिवार सुबह मिजोरम के लेंगपुई एयरपोर्ट पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद मिजोरम का उनका पहला दौरा होगा। वे मिजोरम में 60 मेगावाट क्षमता वाली एक पनबिजली परियोजना का उद्घाटन करने के बाद असम राइफल्स ग्राउंड में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रदेश भाजपा प्रमुख जीवी लूना ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं की कोई बैठक तय नहीं है। लेकिन उनके दौरे से पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। इससे चुनावों से पहले पार्टी का मनोबल काफी बढ़ेगा।

सूत्रों ने बताया कि मोदी आइजल से शिलांग जाएंगे। वहां प्रदेश भाजपा के नए मुख्यालय भवन के उद्घाटन के बाद वे पोलो ग्राउंड में एक रैली को संबोधित करेंगे। उस रैली से ही भाजपा के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी। पार्टी मेघालय में भी कांग्रेस की अगुवाई वाली सरकार को हटा कर सत्ता पर काबिज होने का सपना देख रही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शिबुन लिंग्दोह ने बताया कि मोदी जी एक दिन के लिए यहां आएंगे। उनके दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। इससे हमारी चुनावी तैयारियों को बढ़ावा मिलेगी। ध्यान रहे कि भाजपा पहले से ही असम, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में सत्ता में है। अब वह बाकी राज्यों में होने वाले चुनावों में जीत कर वहां भी सत्ता पर काबिज होने का प्रयास कर रही है।