Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बिहार : गांधी की स्मृति में सीएम नीतीश ने की पदयात्रा

CM-Nitish-initiated-Gandhi-Smriti-Yatra-from-Chandrahia-to-Motihariमोतिहारी। महात्मा गांधी के ‘चंपारण सत्याग्रह’ के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पूर्वी चंपारण जिले के चंद्रहिया से मोतिहारी तक करीब सात किलोमीटर की पदयात्रा की। चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह के तहत आयोजित इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, शिक्षा मंत्री अशोक कुमार चौधरी के अलावा और भी कई मंत्री और नेता शामिल हुए।

नीतीश कुमार ने गांधी जी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

मुख्यमंत्री ने चंद्रहिया से मोतिहारी तक की यात्रा सुबह आठ बजे शुरू की। इससे पूर्व उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और शिलापट्ट का लोकार्पण किया। कार्यक्रम स्थल पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री के साथ सभी लोगों ने पदयात्रा शुरू करने से पहले प्रार्थना सभा में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने यहां चंपा के पौधे लगाए। इस मौके पर नीतीश कुमार ने कहा कि गांधी जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वह यह पदयात्रा कर रहे हैं। पदयात्रा में बड़ी संख्या में कई लोग शामिल हुए। इस दौरान चंद्रहिया से लेकर मोतिहारी तक सड़क पर आवागमन रोक दिया गया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

पदयात्रा के समापन पर मोतिहारी के गांधी मैदान में नीतीश ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और यहां भी सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी ने चंपारण में अंग्रेज शासकों द्वारा नील की खेती के लिए किसानों को बाध्य करने के खिलाफ 10 अप्रैल, 1917 को सत्याग्रह की शुरुआत की थी। इसके सौ वर्ष पूरे होने पर बिहार में बीते सप्ताह से समारोहों की शुरुआत हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published.