Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बाघ ने साइकिल सवार वृद्ध को बनाया नीवाला

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। 

सुबह जंगल में मिला अधखाया शव

पुलिस व वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे

लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में रोष

मैलानी क्षेत्र में खूंखार हुए बाघ की दहशत और बढ़ गई। बाघ ने साइकिल सवार एक वृद्ध को हमला कर मार डाला और जंगल में ले जाकर उसके आधे शव को खा डाला। जब वृद्ध घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। उसे ढूंढने की शुरुआत हुई। मंगलवार की सुबह उसका अधखाया शव बरामद हुआ। जानकारी मिलते ही एसओ मैलानी व वन क्षेत्राधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
 
जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जिला शाहजहांपुर के थाना खुटार क्षेत्र के ग्राम बढ़ईपुर निवासी संतराम (62) पुत्र छत्तर सोमवार की दोपहर अपनी साइकिल से मैलानी आने की बात कहकर निकला था। परंतु देर रात तक वापस नहीं पहुंचा। इस पर मंगलवार की सुबह मृतक के भाई अजुृन कई अन्य साथियों के साथ ढूंढने के लिए निकले। मैलानी वन प्रभाग मध्य उत्तर कमपार्ट-12 में मृतक संतराम की साइकिल को पड़े देखा। कुछ ही दूरी पर एक पेड़ के पास संतराम का बाघ द्वारा अधखाया हुआ शव पड़ा मिला। बाघ ने संतराम के नीचे हिस्से को पूरी तरह से खा लिया था। उसकी गर्दन पर भी गहरे जख्म थे। इसकी सूचना तत्काल परिजनों को दी गई। परिजनों ने वन विभाग व मैलानी पुलिस को अवगत कराया। सूचना पाकर वन क्षेत्राधिकारी डीएस यादव व अन्य वन कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पाते ही मैलानी थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह, उप निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा, रविंद्र कुमार व दिलीप कुमार सहित मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना लोगों में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते कई गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। निरंतर बाघ से होने वाली घटनाओं से लोगों में आक्रोष पनपता जा रहा है। निकटवर्ती गांवों के लोगों का कहना है कि इस रास्ते से होकर सैकड़ों लोग मैलानी व बच्चे स्कूल भी इसी रास्ते से पढऩे जाते हैं। मृतक की पत्नी गीता देवी ने बताया कि उसके पति रेलवे विभाग में गैंग मेन कर्मचारी थे जो दो वर्ष पूर्व ही रिटायर हुए थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पाकर सपा के जिला महासचिव नरेश यादव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीडि़त परिवार को ढांढस बंधाया। फिलहाल निरंतर हो रही घटनाओं के चलते वन विभाग ने कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया है।