Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बंगाल में बोले मोदी गुंडागर्दी से लड़ने के लिए भाजपा का कार्यकर्ता तैयार है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी में कहा कि इस क्षेत्र को महादेव भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त है। उनके चरणों में नमन करता हूं। यह भूमि हमारी जनजातियों के लिए काम करनेवाले ठाकुर पंचानन धर्मा की कर्मस्थली रही है। यह धरती नेपाली भाषा के आदि कवि भानुभक्त आचार्य की भी कर्मस्थली रही है। सभी को नमन करता हूं। उन्होने आगे कहा कि आज आपकी दशकों पुरानी एक और मांग पूरी हुई है। कोलकाता हाईकोर्ट की जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच का उद्घाटन हुआ है। इससे इस क्षेत्र के सभी लोगों को फायदा होगा। इसके लिए सभी को बधाई देता हूं। अब आपको हाईकोर्ट के काम के लिए कोलकाता नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि आखिर चाय वाले से दीदी को इतनी चिढ़ क्यों है। जबकि यहां की पहचान की चाय के लिए है। यहां की कानून-व्यवस्था की स्थिति कितनी बदतर हो गई है। यहां का युवा पलायन के लिए मजबूर है। सिंचाई परियोजनाएं लटकी हुई हैं। और, ऐसा हाल बनाने के बावजूद भी उनको कोई परवाह नहीं है। प. बंगाल की सरकार ने माटी को बदनाम कर दिया है और मानुष को मजबूर कर दिया है। साथियों उत्तर बंगाल थ्री टी के लिए काफी प्रसिद्ध रहा है। टिंबर, टी और टूरिज्म। इन तीनों के विकास पर कभी ध्यान नहीं दिया गया। इसके पहले की सरकारों ने इन पर कोई काम नहीं किया। भाइयों व बहनों, केंद्र की एनडीए सरकार की नीयत है- सबका साथ सबका विकास। यही कारण है कि यहां के चाय बागानों को हमारी सरकार ने खोलवाया। चायबागान के मजदूरों के खाते खोलवाए गए। मजदूरों के परिवारों के लिए एक बहुत बड़ी योजना हमारी सरकार ने बनाई है। ऐसी योजना आजादी के बाद से आज तक नहीं बनी। अब चाय बागानों में काम करनेवालों के परिवारों को भी पेंशन मिलेगी। असंगठित मजदूरों को साठ वर्ष की उम्र के बाद तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन की व्यवस्था उनकी सरकार ने की है। इसके लिए अौसतन सौ रुपये का अंशदान हर माह देना होगा। जितना अंशदान मजदूर भाई देंगे, उतना ही केंद्र सरकार भी उनके खाते में डाल देगी।

उनकी सरकार गरीबों को हर वह सुविधा केंद्र सरकार देने की कोशिश कर रही है, जो अभी तक नहीं मिली। प्रधानमंत्री जीवनज्योति योजना और दुर्घटना बीमा योजना हमारी सरकार चला रही है। संकट की घड़ी में यह बीमा गरीबों के बहुत काम आ रहा है। पश्चिम बंगाल में 23 लाख तथा जलपाईुगुड़ी में 65 हजार पक्के घरों को हमारी सरकार ने बनवाया है। हमने ठान कर रखी है कि 2022 में जब आजादी के 75 साल होंगे, उस समय तक एक भी कच्चा घर हिंदुस्तान में नहीं रहेगा। जलपाईगुड़ी में पैंसठ हजार लोगों को नए घर बनवाकर उनकी चाबी दे दी। यह सभी को मिलेगा। साथियों मां, माटी और मानुष के नाम जिनको आपने सत्ता दी, कम्युनिस्टों से मुक्ति के लिए इनको चुना। आज उन दीदी की दादागिरी को देख रहे हैं। इनके सिंडिकेट को जानते हैं न कि किस तरह से लूट रहे हैं। इनसे मुक्ति चाहिए या नहीं चाहिए। प. बंगाल में शासन टीएमसी के जगाई मधाई कर रहा है।

पश्चिम बंगाल में हिंसा खत्म होनी चाहिए। जहां कम्युनस्टों का झंडा फहरता था, उस त्रिपुरा मे भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सरकार बनवाई। जो त्रिपुरा में हुआ, वह पश्चिम बंगाल में भी होने वाला है। जगाई-मधाई का जाना तय है। गुंडागर्दी से लड़ने के लिए भाजपा का कार्यकर्ता तैयार है।