Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

निरूपमा ने शपथ ग्रहण पर जनता को दिया धन्यवाद्

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी।

                                     सांसद व विधायकों की उपस्थिति में हुआ शपथ ग्रहण समारोह

जनता ने जिस आशीर्वाद एवं विश्वास के साथ मुझे नगर पालिका अध्यक्ष का दायित्व सौंपा है उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास रहेगा। समस्याओं को दूर कर लखीमपुर को निर्मल शहर बनाना मेरा प्रमुख उद्देश्य है। जनता के सहयोग से इसे हासिल करने में भी कामयाबी हासिल होगी। यह बात नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष निरुपमा बाजपेई ने कही। 
 
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष निरुपमा बाजपेई एवं नवनिर्वाचित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह स्थानीय एक बारातघर में आयोजित किया गया। भीड़ उमडने की आशंका के चलते भारी तादात में पुलिस बल तैनात रहा। वाहनों की पार्किंग व आवागमन सुचारू बनाने के लिए पुलिस को जद्दोजहद करनी पड़ी। शपथ ग्रहण में भाजपा नेताओं के साथ नवनिर्वाचित अध्यक्ष निरुपमा बाजपेई पहुंची। मंच पर पहुंचने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका व अन्य दिग्गज भाजपा नेताओं का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राम सुरेश वर्मा ने नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्षा निरुपमा बाजपेई व अन्य सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
  शपथ ग्रहण के अपने सम्बोधन में निरुपमा बाजपेई ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता ने उन पर भरोसा जताया। जनता के विश्वास पर ही उन्हें कामयाबी हासिल हुई। अब बारी उनकी है। उन्हें जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरना है। उन्होंने कहा कि उनका सपना लखीमपुर को निर्मल शहर बनाना है। जहां अव्यवस्थाएं हैं उन्हें दुरुस्त किया जाएगा। स्वास्थ्य के मद्देनजर साफ-सफाई व जल निकासी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आने वाली शिकायतों के निस्तारण पर त्वरित कार्रवाई होगी। पालिका में आने वाली जनता से बेहतर व्यवहार होगा। 
  मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद खीरी सांसद अजय मिश्र टैनी ने कहा कि जनता के विश्वास पर निरुपमा बाजपेई खरा उतरेंगी। इसकी वजह निरुपमा बाजपेई व उनके पति डा. सतीश कौशल बाजपेई का भाजपा की नीति पर चलना और प्रदेश व केंद्र में भाजपा की सरकार का होना है। अब आने वाली निधि का उपयोग केवल जनता की सेवा में किया जाएगा। पाई-पाई का हिसाब रखा जाएगा। जनता की जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि भाजपा और उनकी टीम विकासवादी है। सबका साथ-सबका विकास ही हमारा नारा है। किसी भी क्षेत्र में उपेक्षित रवैय्या नहीं अपनाया जाएगा। कार्यक्रम अध्यक्ष शरद बाजपेई ने कहा कि निरुपमा बाजपेई पर पूरा भरोसा है कि वह जनता और भाजपा के विश्वास पर खरा उतरेंगी। विकास की गति को आगे बढ़ाएंगी। शपथग्रहण समारोह का समापन अधिशाषी अधिकारी अखिलेश त्रिपाठी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन कर किया गया।