Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

दो दिनों से असहाय अवस्था में पड़ी गाय पर नहीं पहुंची किसी की नजर

देव श्रीवास्तव
पलियाकलां-खीरी।
कहने को तो विश्व हिन्दू परिषद व गोरक्षा समिति के लोग नगर व क्षेत्र में गाय की सेवा करने का राग अलापते घूम रहे हैं, लेकिन नगर व क्षेत्र के गोवंशीय पशु वास्तव में सुरक्षित नहीं हैं। आये दिन गोवंशीय पशु नगर में कहीं न कहीं असहाय अवस्था में पड़े दिख ही जाते हैं। जानकारी देने के बाद भी  समिति के कोई सदस्य या पदाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते हैं। ऐसा ही एक नजारा पलिया में देखने को मिला।
दरअदल गुरुवार को पलिया नगर की दुधवा रोड पर स्थित वन मुख्यालय के सामने असहाय अवस्था में एक गाय पड़ी देखी गयी। मौके पर मौजूद सुशील कुमार दिवाकर, मुमताज हुसैन गुड्डू, मोहल्ला बरबंडा निवासी मुन्ना ने असहाय गाय को चारा आदि दिया और उसको बिठाने की व्यवस्था की। उक्त लोगों का कहना है कि यह गाय यहां पर बीते दो दिनों से आसहाय अवस्था में पड़ी हुई है। बताया कि इस गाय के शायद पैर खराब हैं, जिसके कारण यह चल नहीं पा रही है। मामले की सूचना देने पर गोरक्षा समिति के जिलाध्यक्ष श्याम आनन्द ने बताया कि वह लखनऊ गये हुए हैं, अभी पलिया नहीं पहुंचे हैं। फिलहाल वह अपने कार्यकर्ताओं को सूचना दिए दे रहे हैं और पलिया पहुंचते ही मौके पर पहुंचेंगे। सूचना देने के बाद भी गोरक्षा समिति के लोग तो नहीं, लेकिन विश्व हिन्दू परिषद के नगर अध्यक्ष बृजमोहन गोयल मौके पर जरूर पहुंचे थे, लेकिन खबर लिखे जाने तक असहाय गाय मौके पर ही पड़ी हुई थी और उसका कोई इलाज नहीं हो सका था। बता दें कि पलिया नगर में गोरक्षा समिति के सदस्य पूरी तरह से निष्क्रिय हो चुके हैं। कोई भी सदस्य जिम्मेदारी से काम नहीं कर रहा है। ऐसे में समिति का पुनर्गठन होने की आवश्यकता है।