Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

घर में चल रहे गैर कानूनी कारखाने में फटा सिलेंडर सात झुलसे

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। 
 
रिसाव के बाद फटा गैस सिलेंडर, सात झुलसे
घर ढहने से पहले ही बाहर निकल आया था परिवार
दमकल दस्ते ने पहुंचकर बुझाई थी आग
शहर की सब्जी मंडी में शुक्रवार की दोपहर एक बड़ा हादसा घटा। एक घर में रखा गैस सिलेंडर रिसाव के चलते अचानक जल उठा। आग फैलने पर घर में मौजूद लोग किसी तरह बाहर भाग कर आए। हालांकि लपट में घिर जाने के चलते सभी बुरी तरह झुलस गए। कुछ देर बाद सिलेंडर में तेज धमाका हुआ और धमाके के साथ ही भवन ढह गया। सूचना मिलते ही दमकल दस्ता व पुलिस मौके पर आ गई। इसके बाद आग बुझाई गई। 

  जानकारी के अनुसार, सब्जी मंडी में पंकज शुक्ला का मकान है। उनका पूड़ी सब्जी का कारखाना इसी मकान की दूसरी मंजिल पर चल रहा था। दोपहर करीब दो बजे गैस रिसाव होने से एक छोटा पांच किलो के सिलेंडर में आग लग गई। वहां काम कर रहे कारीगर आग पर काबू पाते, तब पास में रखे बड़े सिलेंडर में आग लग गई, इससे दोनों सिलेंडर जल उठे। इस पर कारीगर और परिवार के लोग शोर मचाते हुए बाहर निकल आए। इस दौरान दोनों सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गए। धमाके से दूसरी मंजिल की छत भरभराकर ढह गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकान भी हिल गए। इस दौरान आग की चपेट में आकर मीना गुप्ता, शीर्ष गुप्ता, महेश गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, रागिनी गुप्ता और मकान मालिक का भाई नीरज शुक्ला झुलस गया। सूचना पर एसएसआई केपी गौड़, एंबुलेंस और दमकल विभाग की गाडिय़ों के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव-राहत कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत की तब जाकर आग पर काबू पा सके। उधर पुलिस ने सभी झुलसे लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। हादसे से अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ सिटी ने घटना स्थल की जांच की और आसपास के लोगों से जानकारी ली।

वीडियो: