Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कर्नाटक संकट LIVE: डीके शिवकुमार मुंबई पहुंचे, होटल के बाहर फोर्स तैनात

खास बातें

  • सीएम कुमारस्वामी के इस्तीफे पर अड़ी भाजपा, विधानसभा के बाहर आज धरना देंगे विधायक।
  • विधानसभा अध्यक्ष ने कहा, 9 विधायकों के इस्तीफे निर्धारित प्रारूप में नहीं।
  • कर्नाटक में गहराते संकट के बीच गुलाम नबी आजाद और हरिप्रसाद बंगलूरू पहुंचे। 
  • 224 सदस्यीय विधानसभा में दो निर्दलीय विधायकों के समर्थन के साथ भाजपा के पास 107 विधायक हैं।
  • कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के पास विधायकों की संख्या घटकर 102 रह जाएगी। 

लाइव अपडेट

10:24 AM, 10-JUL-2019

रेनिसन्स होटल के बाहर डटे कर्नाटक सरकार के संकटमोचक

मुंबई पुलिस द्वारा बागी विधायकों से मिलने से रोके जाने के बाद कर्नाटक सरकार के मंत्री डीके शिवकुमार रेनिसन्स मुंबई कन्वेंशन सेंटर होटल के बाहर अपने समर्थकों के साथ डटे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं है। कोई दोस्त और कोई दुश्मन नहीं हैं। कोई भी, किसी भी समय बदल सकता है। मैं विद्रोही विधायकों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा हूं। उनका दिल अपने दोस्त से मिलने के लिए धड़क रहा है।

सूत्रों के मुताबिक भाजपा ने भी पूर्व डेप्युटी सीएम आर अशोक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष केजी बोपैया को मुंबई भेजा है। भाजपा के ये दोनों नेता इन बागी विधायकों को लेकर बेंगलुरु आ रहे हैं। इस बीच रेनिसन्स मुंबई कन्वेंशन सेंटर होटल में हुई डीके शिवकुमार के कमरे की बुकिंग को भी होटल प्रशासन ने रद्द कर दिया है।
 

विधायकों की सुरक्षा में भारी पुलिस बल तैनात

विधायकों की अपील पर होटेल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जिस होटल में ये बागी विधायक ठहरे हुए हैं, वहां पर महाराष्ट्र राज्य रिजर्व पुलिस बल और दंगा निरोधक पुलिस तैनात की गई है।

08:43 AM, 10-JUL-2019

रेनिसन्स मुंबई कन्वेंशन सेंटर होटल पहुंचे डीके शिवकुमार

डीके शिवकुमार ने रेनिसन्स मुंबई कन्वेंशन सेंटर होटल के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि मैंने यहां एक कमरा बुक किया है। मेरे दोस्त यहां रह रहे हैं। यह एक छोटी सी समस्या है जिसके लिए हमें बातचीत करनी है। हम तुरंत अलगाव नहीं कर सकते हैं। उन्हें धमकी देने का कोई सवाल नहीं है, हम एक दूसरे से प्यार करते हैं और उनका सम्मान करते हैं।
 

वहीं मुंबई पुलिस ने कर्नाटक के मंत्री डीके शिवकुमार को रेनिसन्स मुंबई कन्वेंशन सेंटर होटल से दूर कर दिया है। क्योंकि बागी विधायकों ने पुलिस को पत्र लिखकर कहा था कि उन्हें कर्नाटक के मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार से खतरा है।

 

08:39 AM, 10-JUL-2019
बुधवार सुबह उन्हें मनाने के लिए डीके शिवकुमार मुंबई पहुंचे। वह थोड़ी देर में वह बागी विधायकों से मिलने मुंबई के रेनिसन्स होटल पहुचेंगे। हालांकि इस बीच मुंबई पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि कर्नाटक के मंत्री डीके शिवकुमार को उस होटल के अंदर नहीं जाने दिया जाएगा जहां कांग्रेस-जद (एस) के 10 बागी विधायक रह रहे हैं। हालांकि उन्हें होटल के द्वार से पहले नहीं रोका जाएगा।
08:34 AM, 10-JUL-2019

कर्नाटक में चल रहा राजनैतिक ड्रामा अभी थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर के आर रमेश कुमार ने 13 बागी विधायकों में से आठ विधायकों का इस्तीफा कानूनन सही नहीं पाए जाने पर ठुकरा दिया। जिसके बाद कर्नाटक की कांग्रेस-जदएस गठबंधन सरकार से बगावत कर चुके 10 विधायक मंगलवार शाम वापस मुंबई लौट आए।

कर्नाटक विधानसभा के बाहर आज धरना देंगे भाजपा विधायक

कर्नाटक में विधायकों के लगातार हो रहे इस्तीफों के बाद भाजपा मुख्यमंत्री कुमारस्वामी पर हमलावर है। भाजपा उनके इस्तीफे की मांग पर अड़ गई है। पार्टी ने राज्यपाल वजुभाई वाला से मामले में तत्काल दखल देने की मांग की है। गौरतलब है कि अब तक कांग्रेस और जदएस के 14 विधायक इस्तीफा दे चुके हैं।

राज्य में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ लगातार बैठकें कर आगे की रणनीति बना रहे हैं। येदियुरप्पा ने मंगलवार को कहा कि हमारे विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से विस्तृत चर्चा के बाद यह तय किया गया है कि बुधवार सुबह 11 बजे विधानसभा के बाहर सभी विधायक धरना देंगे। 

इस बीच, कर्नाटक भाजपा के महासचिव अरविंद लिंबावली ने कहा कि बुधवार दोपहर एक बजे भाजपा का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात करेगा। हम उनसे मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग करते हैं। राज्यपाल और स्पीकर के मिलने के बाद हम आगे की रणनीति तय करेंगे।