Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अखिलेश के साथ तेजस्वी ने की प्रेस वार्ता, निशाने पर रही भाजपा

लखनऊ। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कल रात से लखनऊ की राजनीति को गरमा दिया है। बसपा सुप्रीमो के काफी देर तक भेंट करने के बाद वह आज दिन में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले। इस दौरान उन्होंने मीडिया को भी संबोधित किया।

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा व बसपा के बीच गठबंधन के लिए मैं तहेदिल से अखिलेश यादव व मायावती जी को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ यह गठबंधन देश की राजनीति की दिशा व दशा तय करेगा। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा तो संविधान की हत्या करने वाली पार्टी है। संविधान विरोधी पार्टी का लोकसभा चुनाव में अब तो उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार से भी सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संविधान विरोधी पार्टी की उलटी गिनती शुरू हो गई है। नागपुरिया कानून से देश चलाया जा रहा है। बंच ऑफ थॉट्स किताब को संविधान की जगह रखना चाहते हैं।

तेजस्वी ने कहा कि इस पार्टी ने देश के लोगों को धर्म व जाति के नाम पर लड़ाकर अपना उल्लू सीधा किया है। अब लोगों को इनकी सारी साजिश का पता चल गया है। भाजपा की सरकार में मॉब लिंचिंग बढ़ी है। समाज में जहर फैलाया जा रहा है। देश में हर तरफ अघोषित इमरजेंसी का माहौल है। इनके राज में तो हर संवैधानिक संस्थाओं को तानाशाही करके अपने फायदे के लिए चलाया जा रहा है। देश में बेरोजगारी बढ़ी है। किसान भी मर रहा है। तेजस्वी यादव ने साथ ही कहा कि कई पत्रकार और कलाकारों को गालियां दी जा रही है, उन्हें पाकिस्तान जाने के लिए कहा जा रहा है। जैसा देश का माहौल है, उसे देश की जनता देख रही है। आने वाले समय में पता लग जाएगा कि कौन कितना बेइमान है। आपके चौकीदार ने कितना बेइमानी का काम किया है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि हर वर्ग भाजपा को हटाना चाहता है। अखिलेश यादव ने कहा कि हर कोई भाजपा को हटाना चाहता है।उत्तर प्रदेश में गठबंधन हुआ है, पूरे देश में खुशी है। दिल्ली से लेकर कोलकाता तक लोग भाजपा से नाराज हैं। उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद चलाई है। हमने मांग की थी कि दिल्ली से लखनऊ के बीच चले। इस इलाके के लोग नाराज हैं। भाजपा के लोग कितना भी चाहें हम समाजवादी लोग अपनी भाषा नहीं बदलेंगे। हम तो अपने गठबंधन को और मजबूत करेंगे। सपा-बसपा गठबंधन की खुशी पूरे देश में है। दिल्ली से कलकत्ता तक के लोग हमारे फैसले से खुश हैं। आने वाले चुनाव में गठबंधन को समर्थन मिलेगा। देश में यूपी के गठबंधन का एक बड़ा संदेश गया है। इससे पहले तेजस्वी यादव ने आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में उन्होंने अखिलेश यादव के साथ काफी देर तक भेंट की। उनके मिलने को अखिलेश यादव पहले से ही कार्यालय में थे, जबकि तेजस्वी यादव होटल ताज से सपा कार्यालय पहुंचे।