Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

लंबी बीमारी के बाद भाजपा विधायक रामकुमार वर्मा का निधन

देव श्रीवास्तव/लखीमपुर|

  • निघासन सीट से भाजपा विधायक पटेल रामकुमार वर्मा का लंबी बीमारी के चलते लखनऊ में रविवार को निधन हो गया। वह पांच बार विधायक और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। उनके निधन से कार्यकर्ता शोकाकुल हैं।
  • निघासन विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार वर्मा ने रविवार की सुबह लखनऊ कपूरथला स्थित मिडलैंड हॉस्पिटल में अपनी आखिरी सांस ली। वह काफी समय से बीमार थे और इस अस्पताल में भर्ती थे।
  • रविवार को जैसे ही उनके निधन की खबर खीरी पहुंची तो भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं में अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए और सभी की आंखें नम हो गईं। इसके बाद खीरी जिले से लखनऊ की ओर तमाम नेताओं की गाड़ियां रवाना होने लगीं। रामकुमार वर्मा का पार्थिव शरीर लखीमपुर लाया जाएगा और उनके पैतृक गांव ओदरहना में उनका अंतिम संस्कार होगा।
  • स्वर्गीय राम कुमार वर्मा का अपने क्षेत्र में एक अलग ही प्रभाव रहा है। वह हर वक्त अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहते थे। भले ही योगी सरकार में मंत्रिमण्डल में जगह न मिली हो फिर भी उनके मन में सरकार के प्रति कोई नाराजगी नहीं थी। कुर्मी बिरादरी में आज भी उन्हें बड़ा नेता माना जाता है।

संघ के प्रचारक रहे

  • स्व. रामकुमार वर्मा वर्ष 1978 से 1982 तक संघ के प्रचारक रहे। 1982 से 1984 तक जिला सह कार्यवाहक के रूप में उन्होंने काम किया। फिर भाजपा में 1984 से 1989 तक जिला महामंत्री का पदभार संभाला। इतना ही नही वहीं भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर भी रह चुके थे। उन्होंने 1989 में लखीमपुर खीरी के हैदराबाद गोला से विधान सभा का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। साथ ही 1991 में भी पुन: जीत हासिल कर विधायक बने। वहीं, भाजपा विधान मण्डल दल के सचेतक का भी दायित्व संभाला।
  • 1991 में लोक निर्माण विभाग एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के राज्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। क्षेत्र में बढ़ती लोकप्रियता के कारण भाजपा ने 1993 में फिर टिकट देकर प्रत्याशी बनाया और पटेल की लोकप्रियता ने पुन: कमल खिला दिया। पटेल की कर्मठता के कारण उन्हें विधानसभा में प्राकलन समिति के सभापति के रूप में चुना गया। साथ ही कुर्मी बिरादरी के दमदार नेता के रूप में पटेल की छवि सामने आने लगी। 1997 में पार्टी ने लखीमपुर जनपद के निघासन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया। पटेल ने वहां भी भारी मतों से विजय हासिल की। राम कुमार वर्मा की मौत पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है।