Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

‘सर्जिकल स्ट्राइक’ को एक साल पूरा, आज जम्मू-कश्मीर के दौरे पर जाएंगी रक्षामंत्री

नई दिल्ली : आज यानी 29 सितंबर को एक साल हो गए। 28-29 सिंतबर की आधी रात, सेना के 19 जाबांजों ने हिंदुस्तानी आर्मी के हौसलों की अमर कहानियों में एक और अध्याय जोड़ दिया, और वो था सर्जिकल स्ट्राइक। देश की नई रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण आज से दो दिन के जम्मू-कश्मीर दौरे पर जाएंगी।

रक्षामंत्री का पद ग्रहण करने के बाद निर्मला सीतारमण का यह पहला दौरा है। शुक्रवार 29 सितंबर को श्रीनगर पहुंचेंगीं। ये भी एक संयोग है कि कश्मीर में सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के एक साल पूरा होने के मौके पर उनका ये दौरा हो रहा है। रक्षामंत्री के साथ थलसेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत भी जम्मू कश्मीर के दौरे पर पहुंच रहे हैं। रक्षा मंत्री यहां पर सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर सकती हैं। रक्षा मंत्री सीतारमन दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन भी जाएंगी।

वह सेना द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक का एक साल पूरा होने के मौके पर आयोजित किए जाने वाले एक विशेष समारोह में हिस्सा लेकर जवानों का मनोबल भी बढ़ाएंगी। इधर गृहमंत्री राजनाथ सिंह दशहरे का त्योहार आईटीबीपी के जवानों के साथ मनाएंगे। राजनाथ सिंह उत्तराखंड में इन जवानों के साथ मिलकर उनका हौसला बढ़ाएंगे।

बता दें कि 19 सितंबर, 2016 को उरी बेस कैंप पर आतंकवादियों ने हमला किया था। इस हमले में 19 जवान शहीद हो गए थे। वहीं हमले में मारे गए आतंकवादियों, उनके पास से बरामद जीपीएस सेट और जिंदा पकड़े गए दो गाइड्स से खुलासा हो चुका था कि ये एक आतंकवादी हमला था। आतंकवादियों का ताल्लुक जैश-ए-मोहम्मद से था और वो पाकिस्तान के रास्ते उरी में दाखिल हुए थे। जिसका बदला लेते हुए भारतीय सेना ने 28-29 सितंबर की आधी रात को सर्जिकल स्ट्राइक की थी, जिसमें करीब 50 आतंकियों को मार गिराया था।