Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

डीएससीएल शुगर मिल में सपा नेताओं ने किया धरना-प्रदर्शन

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी।
गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर सपा नेता क्रांति कुमार सिंह के नेतृत्व में डीएससीएल शुगर मिल अजवापुर का किसानों ने घेराव किया। दिन भर चले धरना प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार गजानन दुबे को सौंपा गया। 
  ज्ञापन में कहा गया है कि अजवापुर शुगर मिल क्षेत्र में किसानों की पेड़ी फरवरी माह में भी खेत में खड़ी है। किसानों ने पर्ची के लिए बांडिंग कराई उपज बढ़ौत्तरी का पैसा जमा कर रसीद भी कटाई लेकिन किसानों का रुपया लेने के बाद भी पर्ची जारी नहीं की गई। तत्काल किसानों को पर्ची की गारंटी की जाए। मिल द्वारा क्षेत्र में पडऩे वाली समितियों जेबीगंज, मैगलगंज, मोहम्मदी, महोली तथा पुवायां से पिछले सीजन में ली गई सप्लाई का इस सीजन में आधा इंडेंट जारी कर किसानों से गन्ना सप्लाई ली जा रही है। पांचों समितियों से गन्ना क्रय केंद्रों एवं मिल गेट पर खरीदा जा रहा है उसकी आवश्यक खरीद प्रतिदिन 50 से 55000 कुंटल है जबकि मिल प्रतिदिन 95000 से 100000 क्विंटल गन्ना पर रही है। यह 30 से 35 हजार क्विंटल अतिरिक्त गन्ना कहां से आ रहा है। यह गन्ना अधिनियम के विरुद्ध है। बाहर से गन्ना क्रय करने के लिए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा ओवरवेट में किसानों की पर्ची एक साथ काट ली गई। इससे किसानों के पास एक भी पर्ची नहीं बची। गन्ना खेत में खड़ा है। मिल की पर्ची समाप्त करना मनमानी है। इस पर रोक लगाई जाए। गन्ना मूल्य का भुगतान 14 दिन के अंदर किया जाए।
  प्रेसमेंट किसानों को 10 कुंटल दिया जा रहा है उसी में मिल की राख मिलाकर किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है।  यह धोखा बंद किया जाए। ज्ञापन पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल, क्रांति कुमार सिंह, राघवेंद्र चौहान, भारतीय किसान मजदूर यूनियन राष्ट्रवादी के जिलाध्यक्ष सरदार गुरमेज सिंह, राजकुमार सिंह, राम कैलाश यादव व सगीर आलम सिद्दीकी सहित तमाम सपा पदाधिकारियों व किसानों के हस्ताक्षर हैं। इससे पूर्व घोषणा के अनुसार आज सुबह से ही सपा नेताओं व किसानों का जमवाड़ा अजबापुर चीनी मिल के सामने शुरू हो गया था। दिन भर किसानों का धरना प्रदर्शन व मील का घेराव चलता रहा। ज्ञापन में मांगे न माने जाने पर आगे आंदोलन की चेतावनी दी गई है।