मैरीलैंड : प्युर्टो रिको की स्टेफनी डेल वेले ने मिस वर्ल्ड 2016 का खिताब अपने नाम कर लिया है। डोमिनिकन रिपब्लिक और इंडोनेशिया सहित दुनियाभर की सुंदरियों को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने इस खिताब पर कब्जा किया। भारत की प्रियदर्शिनी चटर्जी शीर्ष 20 सुंदरियों में ही जगह बना पाई। उन्हें ‘ब्यूटी विद अ परपज’ शीर्षक के खिलाफ पांच दावेदारों में शामिल किया गया, लेकिन यहां भी मिस इंडोनेशिया ने बाजी मार ली। मिस वर्ल्ड 2016 के ग्रैंड फिनाले का आयोजन यहां एमजीएम नेशनल हार्बर में रविवार को किया गया था।
19 साल की छात्रा स्टेफनी डेल जो स्पेनिश, अंग्रेजी और फ्रेंच भाषाएं बोल सकती हैं और आने वाले समय में उन्हें उम्मीद है कि वह मनोरंजन जगत में अपनी जगह बना पाएंगी। स्टेफनी यह खिताब हासिल करने वालीं प्यूर्टो रिको की दूसरी महिला हैं। इससे पहले 1975 में प्यूर्टो रिको की विलनेलिया मर्सड ने यह खिताब अपने नाम किया था। स्टेफनी को मिस वर्ल्ड 2015 स्पेन की मिरिया लालागुना ने ताज पहनाया। स्टेफनी ने कहा कि अपने कैरेबियाई देश का प्रतिनिधित्व करना सम्मान और बहुत बड़ी जिम्मेदारी की बात है। मिस डॉमिनिकन रिपब्लिक यारिट्जा मिगुएलीना पहली रनरअप रहीं जबकि रेयेस रमिरेज दूसरे और मिस इंडोनेशिया नताशा मैनुएला तीसरे नंबर पर रहीं। केन्या और फिलिपींस की प्रतियोगी भी शीर्ष 5 प्रतियोगियों में शामिल रहीं।