Lakhimpur/Dev Srivastava: व्हाट्सअप पर वायरल हुए आपत्तिजनक वीडियो मामले के बाद बिगड़े हालातों, भाजपा नेता की भतीजी के साथ दूसरे समुदाय के युवक द्वारा छेडख़ानी व उसके बाद बिगड़े हालातों पर भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी ने जांच के लिए एक पांच सदस्यी टीम गठित की। इस टीम में प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, क्षेत्रीय मंत्री दिनेश तिवारी, विधायक पंकज गुप्ता, विधायक रोमी साहनी व विधायक बाला प्रसाद अवस्थी शामिल थे। इस टीम ने गुरुवार को मामले से जुड़े सभी लोगों से मुलाकात कर उनके पक्ष को जाना। जिसके बाद टीम का नेतृत्व कर रहे विजय बहादुर ने प्रेसवार्ता की। इस प्रेसवार्ता में विजय बहादुर ने कहा कि वे अपनी जांच रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेंगे। वे पत्रकारों के सामने मामले में भाजपा का बचाव करते दिखे।
उन्होंने कहा कि वे मामले में गोली लगने से घायल हुए सचिन गुप्ता व उसके परिवार से तो मिले ही। साथ ही उन्होंने मामले में गिरफ्तार किए गए भाजपा नेता के परिवार से भी मुलाकात की है। जिस मामले से शहर में कफ्र्यू लगाना पड़ा ऐसी घटना को छोटी घटना बताकर उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाया कि प्रशासन छोटी घटनाओं को भी संभाल नहीं पाया। भाजपा नेता की भतीजी के साथ घटी घटना पर उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि पार्टी अपने हर कार्यकर्ता के साथ है।
बैरंग लौटी जांच टीम
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा गठित जो टीम शहर के बिगड़े हालातों की जांच करने लखीमपुर आई थी उस टीम ने गुरुवार को जहां पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं व घटना में घायल परिवार का पक्ष जाना। वहीं यह जांच टीम पूरे मामले में प्रशासन का पक्ष नहीं ले सकी। जांच टीम का नेतृत्व कर रहे विजय बहादुर पाठक ने बताया कि इण्डो-नेपाल सीमा पर बिगड़े हालातों के कारण प्रशासन व पुलिस के उच्चाधिकारियों से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई है। ऐसे में प्रशासन का पक्ष उनके पास नहीं है।