Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

उत्तर प्रदेश के होने चाहिए दो हिस्से : रामदास अठावले

 

वाराणसी। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर रविवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल के अंदर देश को चलाने की क्षमता नहीं है। जो अपनी पार्टी नहीं चला सकता वह देश कैसे चलाएगा।
दो दिवसीय दौेरे पर शहर में आये केन्द्रीय मंत्री ने सर्किट हाउस में मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश को दो भागों में बांटने की वकालत की।

उन्होंने कहा कि यूपी की राजधानी लखनऊ तो पूर्वांचल की राजधानी बनारस को बनाना चाहिए। अठावले ने कहा कि प्रदेश के बंटवारे के लिए उनकी पार्टी गृहमंत्री अमित शाह से मिलेगी। उन्होंने कहा कि यूपी में 80 लोकसभा व 403 विधानसभा सीटें हैं, जबकि जनसंख्या बहुत अधिक है। ऐसे में प्रदेश को बांटकर दो राज्य बना दिया जाय। एक सवाल के जबाब में उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी प्रदेश में भी एनडीए के सहयोगी दल के तौर पर चुनाव लड़ना चाहती है। महाराष्ट्र चुनाव में उनकी पार्टी को 10 सीटें मिलेंगी।

इसके पहले बाबतपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में केन्द्रीय मंत्री अठावले ने पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने एक सवाल के जबाब में कहा कि पाकिस्तान बार-बार घुसपैठ कर रहा है। यदि एक बार भारत घुसपैठ किया तो पाकिस्तान नहीं बचेगा। भारत पूरे पाकिस्तान को बाहर लेकर निकालेगा। उन्होंने कहा कि कुछ कश्मीर पाकिस्तान के पास और बाकी हम लोगों के पास हो ऐसा नहीं होना चाहिए, पूरा कश्मीर हमें चाहिए। उन्होंने बताया कि बसपा के लोग मेरी पार्टी में आना चाहते हैं। इस पार्टी के कई कार्यकर्ताओं व नेताओं ने मुझसे संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. अम्बेडकर का सपना जिसको पूरा करना है वह मेरे साथ आएगा और जिसको बसपा प्रमुख मायावती का सपना पूरा करना है वह उनके साथ जाएगा।