Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

उत्तर प्रदेश : समूह खाता ना खोलने को लेकर हुआ बवाल

समूह का खाता खोलने में बैंककर्मियों की मनमानी करने पर समूह की महिलाओं ने बैंक में ताला जड़ किया जोरदार हंगामा

अंबेडकरनगर : खाता खोलने में बैंक कर्मियों की मनमानी से आक्रोशित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने जमकर हंगामा कर बैंक के गेट पर ताला जड़ दिया। इससे बैंककर्मियों के पसीने छूट गए। आखिरकार मान-मनौव्वल के बाद मामला शांत हो सका।
जहांगीरगंज कस्बे के बैंक आफ बड़ौदा में अकथरा नरायनपुर, मखदूमपुर, सहसा, सिंहपुर गांव के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को खाता खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही थी। चार सप्ताह से लगातार बैंक आने के बाद भी कर्मचारियों द्वारा तरह-तरह का बहाना बनाते हुए टरकाया जाता रहा। आम उपभोक्ता भी इसी तरह कर्मचारियों की मनमानी का शिकार होते रहते हैं। शनिवार को बैंक पहुंचते ही समूह की महिलाओं को रटा-रटाया जवाब मिलने पर उनके सब्र का बांध टूट गया और वह आक्रोशित हो उठीं। जोरदार हंगामा खड़ा कर बैंक के गेट पर ताला जड़ नारेबाजी शुरू कर दी। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें कार्रवाई की धमकी देने का प्रयास किया, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। आखिरकार वह भी बेबस होकर बैंक के अंदर ही कैद हो गए। तालाबंदी के चलते अंदर-बाहर ग्राहक व अन्य जरूरतमंद परेशान रहे।

काफी देर तक मान-मनौव्वल के बाद महिलाओं को शांत किया जा सका। इसके बाद गेट खुला और खाता खोलने की प्रक्रिया को शुरू किया जा सका। शाखा प्रबंधक श्रवण कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की कमी के चलते दिक्कत आ रही थी। खाता खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रदेश जागरण अम्बेडकर नगर