Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे ने जीता विश्वास मत, भाजपा का विधानसभा से वॉकआउट

 

 

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद पर काबिज होने के बाद उद्धव ठाकरे अपनी पहली परीक्षा में भी पास हो गए। उद्धव ने शनिवार दोपहर विधानसभा में विश्वास मत जीत लिया। सरकार के पक्ष में 169 पड़े और विरोध में एक भी नहीं और चार विधायक तटस्थ रहे।

सरकार के लिए बहुमत का आंकड़ा 145 था। बहुमत परीक्षण के दौरान भाजपा ने हंगामा किया और सदन से वॉकआउट किया। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस प्रक्रिया को असंवैधानिक करार दिया मतदान में हिस्सा नहीं लेने वाले सदस्यों में राज ठाकरे की एमएनएस का एक विधायक भी शामिल है।

राज्य विधानसभा का दो दिवसीय विशेष अधिवेशन शनिवार अपराह्न दो बजे शुरू हुआ। सरकार की ओर से कांग्रेस सदस्य अशोक चव्हाण ने विश्वास मत का प्रस्ताव पेश किया। इसका राकांपा सदस्य नवाब मलिक, शिवसेना के आदित्य ठाकरे समेत कई सदस्यों ने अनुमोदन किया।

नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने सदन की कार्यवाही परंपरा के मुताबिक वंदेमातरम् से नहीं शुरू होने पर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यह विधानमंडल की परंपरा है कि सदन की कार्यवाही वंदेमातरम् से शुरू होती है और समापन राष्ट्रगान से होता है। इस दौरान भाजपा के सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया। सदन में जब विश्वासमत पर मतदान की कार्यवाही शुरू हुई तो भाजपा के सदस्यों ने देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सदन से बहिर्गमन किया।

विधानमंडल परिसर में फडणवीस ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान सरकार के शपथ ग्रहण पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके छह मंत्रियों ने शपथ के दौरान अपनी-अपनी पार्टी के नेताओं का नाम लिया। यह नियमों के खिलाफ है।

शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस के गठबंधन महाविकास आघाड़ी की सरकार का गुरुवार को शपथ ग्रहण हुआ था। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ तीनों दलों से दो-दो विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी।