Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अदालत के बाहर पत्नी को दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज

 

बलिया। स्थानीय न्यायालय के बाहर एक युवक ने पत्नी को तीन तलाक बोल दिया। इस मामले में पति के खिलाफ तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बांसडीह कोतवाली के चोरकैण्ड निवासी कन्नीज फातिमा का निकाह 6 मई 2004 में गांव के ही महताब आलम अहमद के साथ हुआ था। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार निकाह के बाद से ही कन्नीज फातिमा के साथ उसके शौहर का व्यवहार अच्छा नहीं था। 2006 में उसने जुड़वां बच्चों अमन और युरुज को जन्म दिया। फिर भी किसी न किसी बात को लेकर तनाव बरकरार रहा। कन्नीज फातिमा के पिता कलीमुल्लाह ने बांसडीह कोतवाली में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। इसके कुछ समय बाद कलीमुल्लाह का इंतकाल हो गया। बीते तीन सितम्बर को केस की पैरवी के लिए कन्नीज बलिया कोर्ट में आई थी। आरोप है कि उसके शौहर ने कोर्ट परिसर के बाहर ही उसे तीन बार तलाक बोल दिया। फिलहाल बलिया शहर में ही अपनी बहन के यहां रह रही कन्नीज फातिमा ने रविवार देर शाम कोतवाली में जाकर पति के खिलाफ तहरीर दी।

नगर क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कर पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है। आरोपित को शीघ्र ही गिरफ्तारी कर लिया जायेगा।