Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

निर्भया गैंगरेप केस की जांच करने वाली इस महिला पुलिस अफसर को मिलेगा एशिया सोसाइटी गेम चेंजर पुरस्कार

 

नई दिल्ली। दिल्ली में साल 2012 में वीभत्स निर्भया सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच करने वाली भारतीय महिला पुलिस अधिकारी छाया शर्मा को छह अन्य लोगों के साथ 2019 के एशिया सोसायटी गेम चेंजर्स पुरस्कार के लिए चुना गया है। न्यूयॉर्क के अग्रणी सांस्कृतिक संगठन एशिया सोसाइटी ने पुरस्कारों की घो​षण कर दी है। ये पुरस्कार अगले महीने एक कार्यक्रम में दिया जाएगा।

एशिया सोसायटी वैश्विक संदर्भ में एशिया और अमेरिका के लोगों, नेताओं और संस्थानों के बीच आपसी समझ को बढ़ावा देने और साझेदारी मजबूत करने के क्षेत्र में एक प्रमुख शैक्षिक संगठन है। भारत के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की उप महानिरीक्षक छाया शर्मा भी पुरस्कार पाने वाले लोगों में शामिल हैं।

उप महानिरीक्षक को पुरस्कार देने की घोषणा करते हुए एशिया सोसायटी ने कहा कि छाया शर्मा ने दिल्ली सामूहिक दुष्कर्म मामले समेत भारत में कई हाई-प्रोफाइल अपराधों की जांच की है इसलिए उनको इस प्राइज के लिए चुना गया है।

मार्शल आर्ट्स की अपनी कला का इस्तेमाल करने वाले और अपने सामाजिक एवं मानवीय कार्यों के लिए पहचाने जाने वाले भारत और नेपाल के बौद्ध भिक्षुणियों के समूह कुंग फू नन्स को भी इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।

अधिकारी के लिए अपने प्रोफाइल में संगठन ने कहा कि उस समय दक्षिण दिल्ली की पुलिस उपायुक्त ने 16 दिसम्बर 2012 को 23 वर्षीय मेडिकल छात्रा के सामूहिक दुष्कर्म की तड़के खबर मिलने के बाद फौरन कार्रवाई की।

उन्हें ‘मानवाधिकारों की आजीवन संरक्षक’ बताते हुए एशिया सोसायटी ने कहा कि शर्मा ने अपने अधिकारियों का पीड़िताओं से उनकी पृष्ठभूमि पर विचार किए बिना पूरे सम्मान के साथ बर्ताव करने में मार्गदर्शन किया.

यह सम्मान पाने वाले अन्य लोगों में जापान के तोक्यो की पहली महिला गवर्नर युरिको कोइको, चीन में 25 अरब डॉलर की यात्रा कंपनी सीट्रिप की प्रमुख जेन जी सन और पश्चिम एशिया तथा दुनियाभर में सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने वाली संयुक्त अरब अमीरात की शेख हूर अल कासिमी शामिल हैं।