Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

रेड लाइट एरिया से शुरू हुई प्रेम कहानी कत्ल पर खत्म हुई

 

नई दिल्ली। दिल्ली के रेड लाइट एरिया से शुरू हुई प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक हुआ। प्रेमिका के प्यार में पागल एक युवक ने उससे दोजख का यह गंदा काम छोड़कर शादी करने का प्रस्ताव रखा तो उसने इंकार कर दिया। युवक यह सदमा बर्दास्त नहीं कर पाया। उसने उसकी हत्या करने की ठान ली। एक साजिश के तहत वह युवती को बवाना नहर के पास ले गया। वहां चापड़ से उसका गला रेत दिया। इसके बाद शव के पांच टुकड़े कर के फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान जीबी रोड की लता उर्फ सलमा के रूप में हुई है। आरोपित दिल्ली छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन शुक्रवार की रात तुर्कमान गेट इलाके के पास स्पेशल सेल के हत्थे चढ़ गया। उसका नाम मोहम्मद अय्यूब उर्फ विक्की (32) है। इसके पास से हत्या में इस्तेमाल एक स्कूटी और चापड़ बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्पेशल सेल के डसीपी पीएस कुशवाहा ने बताया कि 21 अगस्त को केएन काटजू मार्ग इलाके में बवाना नहर के पास एक महिला का कई टुकड़ों में शव बरामद हुआ था। लाश सडी-गली हालत में थी। उसके बाद आरोपित अय्यूब के गिरफ्तार होते ही इस प्रेम-हत्या की कहानी का खुलासा भी हो गया।

अय्यूब ने बताया कि वह एलएनजेपी कालोनी, तुर्कमान गेट में रहता है। 2008 में उसकी शादी हुई थी। पत्नी का नाम रेशमा था। तीन बच्चे हैं। खुद अय्यूब पटरी पर कपड़े बेचने का काम करता था। करीब चार साल पहले एक दिन वह रेड लाइट एरिया जीबी रोड गया। वहां उसकी मुलाकात लता से हुई। अय्यूब शादीशुदा होते हुए भी लता को दिल दे बैठा। दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई। वह अक्सर लता को घुमाने बाहर भी ले जाने लगा। इसके बाद उसने लता से धंधा छोड़कर शादी करने के लिए कहा।

लता ने मना कर दिया। इससे अय्यूब इतना आहत हुआ कि उसने लता को खत्म करने की योजना बना ली। 20 अगस्त को अय्यूब ने एक स्कूटी और चापड़ का इंतजाम किया। फिर लता से मिलने की बात की। आरोपित उसे स्कूटी से बवाना नहर के पास ले गया। वहां लता का उसने गला रेत दिया। इसके बाद उसके पांच टुकड़े कर शव को बवाना नहर के पास फेंककर लौट आया। सोचा था, पकड़ा नहीं जाएगा। लेकिन कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं। पुलिस ने अय्यूब को गिरफ्तार कर हत्या के इस मामले का पर्दाफाश कर दिया।