Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

सपा के वरिष्ठ नेता और मुलायम सिंह के करीबी पारसनाथ यादव का निधन

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे पारसनाथ यादव का शुक्रवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार को जौनपुर शहर स्थित आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से जिले में शोक की लहर दौड़ गई है और सपा सहित अन्य दलों के लोग उनके आवास पर शोक संवेदना के लिए जुटे।

बता दें, पारसनाथ यादव जौनपुर जिले में सपा के दिग्गज नेता थे। वो मुलायम सरकार से लेकर अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हैं। वे 7 बार के विधायक और दो बार जौनपुर से सांसद के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार में तीन बार कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

पूर्व कैबिनेट मंत्री पारसनाथ को प्रोस्टेड की प्राब्लम के कारण उनके दाहिने पैर में सूजन आ गई थी। इसके अलावा मूत्रमार्ग में भी समस्या थी। इसी के चलते वह मुंबई के लिए रवाना हो गए थे। मुंबई के कोकिलाबेन हास्पिटल में भी उनका इलाज कराया गया था। अभी एक सप्ताह पहले ही प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव उन्हें देखने गए थे।

शिवपाल ने पारसनाथ यादव के निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति बताई और कहा कि उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकेगी। शिवपाल ने ट्वीट कर कहा है, ”वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व मंत्री व विधायक पारसनाथ यादव जी के निधन की खबर से स्तब्ध और दुःखी हूं। यह समाजवादी आंदोलन और मेरी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं।”

बता दें कि पारसनाथ यादव उत्तर प्रदेश में जौनपुर (विधानसभा क्षेत्र) के लिए एक भारतीय राजनीतिज्ञ थे। यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की अध्यक्षता की। वे अपने पीछे एक भरा पूरा परिवार व 3 पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए। पत्नी लीलावती देवी की पहले ही हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

पारसनाथ यादव, उत्तर प्रदेश की सोलहवीं विधानसभा सभा में विधायक रहे। 2012 उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में इन्होंने उत्तर प्रदेश की मल्‍हनी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र (निर्वाचन संख्या-367)से चुनाव जीता।