Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

राहुल गांधी ने AAP के साथ गठबंधन से किया इंकार, कहा- दिल्ली में सभी सात सीटें जीतेगी कांग्रेस

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस दिल्ली में अपने ही दम पर चुनाव लड़ेगी। सोमवार को ये बात कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का आम आदमी पार्टी के साथ कोई तालमेल नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़कर दिल्ली की सातों सीटें जीतेगी। पार्टी को जीत दिलाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से आग्रह किया।

बता दें कि साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने दिल्ली की सभी सात सीटें जीती थीं। बता दें कि इससे पहले आप नेता गोपाल राय ने कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली में गठबंधन के लिए कांग्रेस के साथ बातचीत नहीं कर रही है। आगामी लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी सभी सात सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।

राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल संसदीय चुनावों की रणनीति पर चर्चा करने के लिए पार्टी के सभी राज्य इकाई प्रमुखों और विधायकों के साथ आने वाले दिनों में बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि, “पार्टी दिल्ली में गठबंधन के लिए कांग्रेस के साथ बातचीत नहीं कर रही है और वह अपने दम पर सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।”

बता दें कि बीते सप्ताह दिल्ली कांग्रेस प्रमुख शीला दीक्षित ने भी कहा था कि लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन नहीं होगा। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी।