Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

प्रियंका गांधी वाड्रा का आरोप, लखनऊ पुलिस ने मेरा गला दबाया

-हिंसा मामले में गिरफ्तार किये गये पूर्व अधिकारी के घर जा रही प्रियंका को पुलिस ने रोका
-पैदल और स्कूटी से पूर्व आईपीएस के घर पहुंचीं कांग्रेस महासचिव

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को आरोप लगाया कि एक पूर्व आईपीएस अधिकारी के घर जाते हुए लखनऊ पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की और उनका गला दबाया गया। प्रियंका बाद में पैदल फिर स्कूटी पर सवार होकर हिंसा मामले में गिरफ्तार किये गये पूर्व अधिकारी के इंदिरा नगर स्थित घर पहुंची।

प्रियंका गांधी वाड्रा आज शाम नागरिकता कानून के खिलाफ हाल में हुई हिंसा के मामले में गिरफ्तार किये गये पूर्व आईपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी के आवास जा रही थीं। उनका काफिला जैसे ही 1090 चैराहे पर पहुंचा पुलिस ने सुरक्षा का हवाला देते हुए उन्हें रोक लिया। इसके बाद वह कुछ दूर पैदल फिर एक कार्यकर्ता की स्कूटी से दारापुरी के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की।

वहां से निकलने के बाद प्रियंका ने कहा कि पुलिस ने उन्हें कई जगह रोकने की कोशिश की और इस दौरान उनका गला भी दबाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें घेरकर धक्का दिया जिससे वह गिर भी गईं। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि एक बुजुर्ग अधिकारी दारापुरी ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन के लिये फेसबुक पर पोस्ट डाली थी। इस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि दारापुरी के घर जाने पर पुलिस ने मेरे साथ भी अभद्रता की।