Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

विपक्ष हर चीज के लिए जिम्मेदार तो उसे हुकूमत करने दीजिए मुख्यमंत्री जी:अखिलेश

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रविवार को सोनभद्र दौरे में उम्भा गांव के पीड़ितों के लिए घोषणाएं करने के बाद भी विपक्ष की सियासत जारी है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार रात ट्वीट किया कि सरकार के पास हर बात का एक ही जवाब है: विपक्ष। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आड़ में क्या क्या छुपाएंगे मुख्यमंत्री जी? अपनी नाकामी से पर्दा हटाइये, असलियत पता चल जाएगी! और अगर सही में विपक्ष ही हर चीज के लिए जिम्मेदार है तो विपक्ष को हुकूमत करने दीजिए। उन्होंने कहा कि सोनभद्र की घटना आप की घोर विफलता का सबूत है।

इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया कि उप्र के माननीय मुख्यमंत्री के सोनभद्र जाने का मैं स्वागत करती हूं। देर से ही सही, पीड़ितों के साथ खड़ा होना सरकार का फर्ज़ है। अपना फर्ज़ पहचानना अच्छा है। उम्भा को लम्बे समय से न्याय की प्रतीक्षा है। अपेक्षा है उम्भा के पीड़ितों को न्याय मिलेगा और उनकी पांच मांगो को माना जाएगा।

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि उम्भा गांव के पीड़ितों की आवाज का जब कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं, न्यायपसंद लोगों ने साथ दिया तब उप्र सरकार को भी लगा कोई गम्भीर घटना घटी है।आज जो घोषणाएं की गयी हैं उन पर जल्द अमल हो। आदिवासियों को जमीन का मालिकाना मिले और सबसे जरूरी कि गांव के लोगों को पूरी सुरक्षा हो।

वहीं मुख्यमंत्री रविवार को सोनभद्र पहुंचे और उम्भा गांव के खूनी संघर्ष मामले में पीड़ित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने मृतक सुखवंती की आश्रित पूनम को चेक दिया। साथ ही 21 घायलों के परिजनों को 50-50 हजार का चेक दिया। योगी आदित्यनाथ ने जिला अस्पताल जाकर घायलों और परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जो जहां पर खेत जोत रहा है, वहां वह जोतता रहेगा। इसके साथ ही मृतकों के खाते में 412500 की राशि समाज कल्याण विभाग की ओर से भेजी गई है, जो सोमवार को खाते में पहुंच जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतक आश्रितों की सहायता राशि हर परिवार के लिए बढ़ाकर 18.50 लाख कर दी गई है। इसी तरह घायलों की राशि बढ़ाकर 2.50 लाख कर दी गई है, जो अलग-अलग किस्तों में दी जाएगी। साथ ही पीड़ित वनवासियों को कॉलोनी बनाकर एक-एक आवास दिया जाएगा। उन्होंने गांव में पहुंचकर बिजली कनेक्शन, सोलर लाइट, आंगनबाड़ी केंद्र, घोरावल में फायर ब्रिगेड की स्थापना करने की भी घोषणा की है। इसके साथ ही गांव में जूनियर हाईस्कूल और आवासीय विद्यालय और आवासीय विद्यालय खोले जाएंगे और सरकार घायलों के इलाज का सारा खर्च उठाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनभद्र हत्याकांड के नाम पर कुछ लोग घड़ियाली आंसू बहाकर अपने कुकर्मों को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन यह ज्यादा दिन तक नहीं छिपेगा।