Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अब उत्तर प्रदेश की चार विधानसभा सीटों पर होंगे उपचुनाव

लखनऊ। बुलंदशहर के सदर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक वीरेंद्र सिरोही के निधन के बाद उत्तर प्रदेश में अब चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। निर्वाचन आयोग इसके लिए तिथियों की घोषणा कभी भी कर सकता है।

सोमवार को भाजपा विधायक वीरेंद्र सिरोही के निधन से बुलंदशहर सदर विधानसभा की सीट भी रिक्त हो गई। इसके अलावा उन्नाव की बांगरमऊ, रामपुर की स्वार और फिरोजाबाद जिले की टुण्डला विधानसभा सीटें भी इस समय रिक्त चल रही है।

उन्नाव जिले की बांगरमऊ विधानसभा सीट से 2017 का चुनाव भाजपा के कुलदीप सिंह सेंगर ने जीता था। बलात्कार व हत्या के मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद सेंगर इस समय जेल में हैं और चुनाव आयोग ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया है। विधानसभा ने उनकी सदस्यता भी खत्म कर दी है। ऐसे में इस रिक्त सीट पर उपचुनाव होना है।

इसी तरह फर्जी जन्मतिथि विवाद में रामपुर जिले की स्वार विधानसभा सीट से सपा सांसद मो. आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम की सदस्यता को उच्च न्यायालय ने अयोग्य घोषित कर रखा है। इस मामले में एक अदालत के आदेश पर अब्दुल्ला आजम, उनके पिता आजम खान और मां तजीन फात्मा जेल में हैं। इस बीच विधानसभा द्वारा उनकी सदस्यता भी खत्म कर दी गयी। इस तरह से यह सीट भी खाली हो गयी है।

इसके अलावा फिरोजाबाद जिले की टुण्डला विधानसभा सीट से वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा के एसपी सिंह बघेल जीते थे। वर्ष 2019 में सांसद चुने जाने के बाद बघेल ने टुण्डला विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद यह सीट भी रिक्त हो गयी थी और नियमतः छह महीने के भीतर वहां उपचुनाव हो जाना चाहिए था, लेकिन उच्च न्यायालय में चुनाव याचिका के विचाराधीन होने के चलते उपचुनाव नहीं हो सका था। ऐसे में इस सीट के लिए भी उपचुनाव होना है।

उधर, प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जुड़े सूत्रों को कहना है कि प्रदेश की सभी रिक्त विधानसभा सीटों के उपचुनाव को लेकर तैयारियां प्रारम्भ हो गयी हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग उपचुनाव की तिथियों की घोषणा कभी भी कर सकता है।