Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मुंबई से लखनऊ आने वाले इंडिगो विमान को मिली बम से उड़ाने की धमकी

लखनऊ|

इंडिगो के मुंबई से दिल्ली होकर लखनऊ जाने वाले विमान में शनिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया जिसके बाद विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया। सूत्रों ने बताया कि बम धमकी आकलन समिति (बीटीएसी) ने इस धमकी को गंभीरता से लिया जिसके बाद विमान को एक खाली स्थान पर ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि बाद में सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को सुरक्षित घोषित कर दिया। इस घटना पर इंडिगो की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। विमान को सुबह छह बजकर पांच मिनट पर प्रस्थान करना था। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विमान में कितने यात्री सवार थे।

हवाई अड्डे के एक सूत्र ने बताया, गो एयर फ्लाइट जी8 329 से दिल्ली जा रही एक महिला यात्री टी1 पर इंडिगो के चेक-इन काउंटर पर गई और वहां बताया कि इंडिगो की फ्लाइट 6ई 3612 में बम है। सूत्र ने बताया कि महिला यात्री ने कुछ लोगों की तस्वीरें भी दिखाईं और दावा किया कि वे राष्ट्र के लिए खतरा हैं। इसके बाद सीआईएसएफ के कर्मी उसे पूछताछ के लिए हवाई अड्डा पुलिस थाने लेकर गए।

इस बीच, हवाईअड्डे के अधिकारियों ने बम की धमकी के बारे में घोषित कर दिया और सभी यात्रियों की अच्छे से जांच की गई। हालांकि, बाद में इंडियो ने दावा किया कि महिला यात्री की मानसिक स्थिति सही नहीं है। एयरलाइन ने कहा कि उसने इस मामले की सूचना अधिकारियों को दे दी है और विमान ने एक घंटे की देरी से सुबह सात बजे के आसपास उड़ान भरी।