Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मूकबधिर मां के सामने बेटी से दुष्कर्म, पीड़िता ने जहर खाकर दी जान

 

लखनऊ। उन्नाव में दुष्कर्म पीड़ित युवती को जिंदा जलाकर मारने का मामला अभी शांत नहीं हुआ कि रविवार को लखनऊ में मूकबधिर मां के सामने उसकी बेटी से पड़ोसी द्वारा दुष्कर्म किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। न्याय न मिलने पर पीड़ित ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य मामले में एक युवती ने फौजी पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है।

पहली घटना में मड़ियाव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी से पड़ोसी युवक ने मूकबधिर मां के सामने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे डाला। इसके बाद आरोपित पीड़ित को धमका रहा था। इससे आहत होकर किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के चाचा का आरोप है कि दुष्कर्म के बाद आरोपित ने ही किशोरी को जहर दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपित सर्वेश को गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरा मामला आलमबाग थाना क्षेत्र का है। यहां पर रहने वाली एक युवती ने रविवार को महिला थाना पहुंचकर एक फौजी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। उसका आरोप है कि फौजी ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद शादी का झांसा देकर उसने कई वर्षों तक उसका यौन शोषण करता रहा। इस बात की जानकारी उसे उस वक्त हुई जब फौजी की शादी का कार्ड उसके हाथ में लगा। पीड़ित का आरोप है कि न्याय के लिए वह थाने भी गई लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनी और वहां से भगा दिया। इसके बाद वह महिला थाने के चक्कर लगा रही है।