Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

गांधी राष्ट्रपिता थे लेकिन हमारे नहीं पाकिस्तान के, भाजपा प्रवक्ता का विवादित बयान

नई दिल्ली। भोपाल से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के बाद अब और भाजपा नेता ने विवादित बयान दिया है। मध्य प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता अनिल सौमित्र ने कहा है कि महात्मा गांधी राष्ट्रपिता थे लेकिन वह भारत के नहीं बल्कि पाकिस्तान के थे। उन्होंने यह बयान ऐसे समय में दिया है, जब साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था। जिसके बाद अब अनिल सौमित्र ने भी यह विवादित बयान देकर भाजपा के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है।

सौमित्र ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए लिखा है कि ‘राष्ट्रपिता थे, लेकिन पाकिस्तान के। भारत राष्ट्र में तो उनके जैसे करोड़ों पुत्र हुए, कुछ लायक तो कुछ नालायक।’ सौमित्र ने यह भी कहा है कि कांग्रेस ने उन्हें राष्ट्र का पिता बताया है। राष्ट्र का कोई पिता नहीं होता, पुत्र होता है। चर्च में होते हैं फादर, कांग्रेस ने उसका हिंदी रूपांतरण कर दिया है। सौमित्र ने यह भी कहा है कि गांधी के सहयोग से तो पाकिस्तान का निर्माण हुआ है। जिन्ना और नेहरू के सपनों को उन्होंने साकार किया है।

सौमित्र ने कहा है कि हम गांधी के विचारों को बढ़ाने वाले लोग हैं। हम संघ के स्वयं के रूप में रोज प्रातः उनका नाम लेते हैं। गौरतलब हो कि इससे पहले साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने भी विवादित बयान देते हुए कहा था कि नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, देशभक्त है और देशभक्त रहेंगे। प्रज्ञा ठाकुर ने यह बयान कमल हासन के हिंदू आतंकवादी वाले विवादित बयान के जवाब में दिया था। जिसके बाद अब मध्यप्रदेश के भाजपा प्रवक्ता सौमित्र ने भी विवादित बयान देकर चुनाव के बीच ही पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।