Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मंदिर ट्रस्ट में महंत नृत्यगोपाल दास शामिल होंगे, अमित शाह से हुई बात

 

अयोध्या। राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में श्रीराम जन्म भूमि न्यास के अध्यक्ष और मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास को शामिल न किये जाने पर गुरुवार को राम नगरी के संतों ने केंद्र सरकार का विरोध शुरू कर दिया। दोपहर बाद महापौर, विधायक अयोध्या, भाजपा महानगर अध्यक्ष, संत राजकुमार दास के साथ राम जन्मभूमि न्यास अध्यक्ष महंत गोपालदास के उत्तराधिकारी शिष्य कमल नयन दास की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात कराई गई। जिसके बाद अयोध्या में आयोजित संतों की बैठक स्थगित कर दी गई।

दरअसल श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का बुधवार को गठन होने के बाद संतों ने विरोध करना शुरू कर दिया था। अपराह्न 3 बजे मणिराम दास छावनी में संतों की बड़ी बैठक बुलाई गई थी। दोपहर बाद राम वल्लभा कुंज के अधिकारी संत राजकुमार दास के नेतृत्व में मणिराम दास छावनी में उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास के साथ महापौर ऋषिकेश उपाध्याय अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा की बैठक मणिराम छावनी में हुई। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह की बात कमल नयन दास से कराई गई। जिसमें नृत्य गोपाल दास को ट्रस्ट में शामिल करने की सहमति बनी है। उसी के बाद छावनी में आए सभी संत वापस चले गए।

अयोध्या मेयर ऋषिकेश उपाध्याय का कहना है कि महाराज जी को ट्रस्ट में शामिल किया जाएगा जिसकी सहमति बन रही है और जल्द ही निर्णय आ जाएगा। ट्रस्ट के गठन के बाद राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास ने सुबह मीडिया में अपना नाराजगी भरा बयान भी जारी किया था। मीडिया में बयान जारी होते ही मणिराम छावनी के बाहर अयोध्या सीओ ने मोर्चा संभाल लिया और छावनी के बाहर पुलिस तैनात कर दिया गया।