Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पेड़ से लटके मिले प्रेमी जोड़े के शव, दोनों थे शादीशुदा

 

 

हाथरस। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला भाव के पास बुधवार को प्रेमी जोड़े के शव पेड़ से लटके मिले। दोनों की शादी कुछ महीनों पहले ही अलग-अलग घरों में हुई थी। दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे। युवती ससुराल से अपने मायके आई हुई थी। वहीं युवक की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

नगला भाव के जुगनू (24) और ज्योति (22) के शव आज पेड़ पर लटके मिले। जुगनू की शादी बीती 25 मई को आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के एक गांव से हुई थी। वहीं, ज्योति की शादी 10 जून को मथुरा के लक्ष्मी नगर में हुई थी। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग था, लेकिन परिजनों उनकी अलग-अलग शादी कर दी। मंगलवार की देर रात दोनों अपने घर से अचानक गायब हो गए। इसके बाद आज सुबह उनके शव गांव में एक खेत में आम के पेड़ पर लटके मिले।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को उतारने के साथ जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने जांच में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली है। मौके पर पहुंचे एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा, एसपी सिद्धार्थ वर्मा ने गहनता से जांच और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस मामले में मृतकों के परिजन कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि दोनों शादीशुदा हैं। करीब तीन महीने पहले दोनों की अलग-अलग घरों में शादी हुई थी। अभी तीन-चार दिन पहले लड़की अपने मायके आई हुई थी और लड़के की पत्नी अपने मायके गई हुई थी।

युवक के शव की तलाशी लेने पर एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपने माता-पिता से प्रेमिका के साथ खुदकुशी करने को लेकर माफी मांगी है। उसने दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताई है। पहली नजर में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। पुलिस गहराई से छानबीन कर रही है। पोस्टर्माटम रिपोर्ट और जांच में आगे जो भी निकलेगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।