Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

झांसी : स्टोन क्रेशर की दीवार गिरने से 15 मजदूर दबे, 5 की मौत

 

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में मध्य प्रदेश की सीमा से लगे बरुआ सागर रोड में बने एक क्रेशर प्लांट की दीवार शनिवार को गिर गयी। हादसे में 15 मजदूर दब गये और पांच की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि सात घायल है। सभी घायलों का इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है। हादसे की जानकारी पर पुलिस सहित आलाधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

बरुआ सागर थानाक्षेत्र में रोजाना की भांति शनिवार को भी एक क्रेशर प्लांट में काम चल रहा था। इसी बीच अचानक प्लांट की एक जर्जर दीवार गिर गयी और वहां पर काम कर रहे 15 मजदूर उसकी चपेट में आ गये। हादसा देख प्लांट के साथ आस-पास के लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरु करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दीवार में दबे सभी मजदूरों को बाहर निकाला। जिसमें पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गयी और सात गंभीर रुप से घायलों को मेडिकल कालेज इलाज के लिए भेजा गया।

हादसे की जानकारी पर जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह भी मेडिकल कालेज पहुंचकर घायलों को बेहतर इलाज के लिए डाक्टरों को निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में एक नाबालिग सहित पांच लोगों की मौत हुई है और सात लोग गंभीर रुप से घायल हैं। बताया कि घायलों का बेहतर इलाज हो रहा है और हादसे की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि अभी जो जानकारी मिली है उसके अनुसार सुखलाल, उमा, सुनीता, भागवत व एक अन्य की मौत हुई है।

सीएम योगी ने जताया दुख

हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। साथ ही घायलों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए और पीड़ितों को अनुमन्य आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।