Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

उत्तर भारत में गर्मी का कहर शुरू, 27 मई तक आसमान उगलता रहेगा आग

उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब आदि राज्यों में शुष्क, गर्म हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान 46- 47 डिग्री पहुंचने के पूरे आसार बन चुके हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 27 मई तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। 28 मई की रात से पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा जिससे धूल भरी आंधी आएगी या गरज के साथ बारिश हो सकती है। 28 मई के बाद निचले स्तर की तेज हवाएं कुछ राहत ला सकती हैं।

हरियाणा में कोरोना के संग अब भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। राज्य में तापमान में लगातार वृद्धि होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गर्म हवा के थपेड़ों से लोगों का बहाल निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। हिसार में सबसे बुरा हाल है। यहां तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। हिसार देश के तीन सबसे गर्म शहरों में है।

नारनौल, सिरसा में भी पारा 45 डिग्री के करीब रहा। बठिंडा अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। अगर दूसरे राज्यों की बात करें तो मध्यप्रदेश में राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमानों में काफी उछाल आया है। शनिवार को राज्य के 27 जिलों में अधिकतम तापमान 42 से लेकर 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया था।

पंजाब में भी गर्मी बढ़ती जा रही है और सोमवार से लू के थपेड़े बढऩे के पूरे आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में सोमवार से तापमान में और वृद्धि दर्ज की जाएगी।