Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की अस्थियां गंगा में विसर्जित

हापुड़। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की अस्थियों का विसर्जन गुरुवार को यहां ब्रजघाट पर गंगा नदी में किया गया। बेटी बांसुरी ने नम आंखों से पिता स्वराज कौशल के साथ मां की अस्थियां विसर्जित की। इस दौरान प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, पार्टी के सांसद, विधायक, नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

बांसुरी अस्थियां लेकर अपने पिता के साथ सुबह दस बजे के बाद ब्रजघाट स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस पहुंची। यहां ब्राह्मणों ने विधि-विधान से पूजा अर्चना कराई और सुषमा स्वराज को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद पिता-पुत्री ने नाव से गंगा के बीच धारा में जाकर सुषमा स्वराज की अस्थियां गंगा में विसर्जित की। इस दौरान दोनों बेहद भावुक नजर आये। इसके बाद गऊ ग्रास भी कराया गया। सुषमा स्वराज के अस्थि विसर्जन को लेकर नगर पालिका स्तर से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम किये गये थे।

प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सुषमा स्वराज के असमय निधन से पूरा देश दुखी है। पूरी पार्टी और कार्यकर्ता दु:ख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ हैं। देश की राजनीति के लिए बहुत बड़ी क्षति है। सुषमा स्वराज एक सशक्त महिला नेता थीं। भारत सरकार में अनेक विभागों में मंत्री रहते हुए उन्होंने देश के साथ विदेशों में भी भारत का नाम ऊंचा किया।

इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु मित्तल, मेरठ-हापुड़ सांसद डॉ. राजेंद्र अग्रवाल, गढ़ विधायक कमल मलिक, हापुड़ विधायक विजयपाल आढ़ती सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

सुषमा स्वराज का मंगलवार रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। बुधवार को नई दिल्ली के लोदी रोड स्थित शवदाह गृह में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल और बेटी बांसुरी ने सेल्यूट देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। बेटी बांसुरी ने अंतिम संस्कार के सारे रीति रिवाज पूरे किए।