Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

हरियाणा में हर रोज पांच महिलाओं से हो रहा दुष्कर्म : चौटाला

 

चंडीगढ़। इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव एवं ऐलनाबाद विधायक अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर स्थिति इतनी चिंताजनक है कि आम आदमी अपने घरों में ही असुरक्षित महसूस करता है। उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि हरियाणा में हर रोज पांच महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है और वर्ष 2019 में करीब 1700 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए हैं।

अभय चौटाला मंगलवार को कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठी घोषणाओं के दम पर सत्ता में आई और जनवरी 2015 में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देकर आम जनता को बेवकूफ बनाने का प्रयास किया। वर्ष 2019 में गैंगरेप की 152 घटनाएं, अपहरण 3000, महिलाओं के विरुद्ध अपराध 15 हजार और दलितों के विरुद्ध अपराध की 700 घटनाएं दर्ज हुई हैं। मीडिया के सहयोग से 75 पार का नारा देकर सत्ता हथियाने की कोशिश की थी, परंतु भाजपा को पानी पी-पीकर कोसने वाले जजपा नेताओं के सहयोग से दोबारा सत्ता प्राप्त करने का मौका मिला। गठबंधन की सरकार नशे के कारोबार को रोकने में पूर्णत: विफल रही है। प्रधानमंत्री ने स्वयं माना है कि हरियाणा में नशे का कारोबार दिन-ब-दिन फैलता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को हिसार-हांसी के व्यापारियों ने फिरौती, चोरी और हत्या आदि के विरोध में बंद करने का आह्वान किया है। आजकल व्यापारी मंडियों में, छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेजों में, आम आदमी अपने घरों में, यहां तक कि पुलिसकर्मी थानों में सुरक्षित नहीं हैं। पुलिस से आम आदमी तो डरता है, लेकिन गुंडे-बदमाशों को भय नाम मात्र का नहीं लगता।

इनेलो नेता ने कहा कि अपराध की श्रृंखला में हरियाणा प्रदेश पूरे देश में तीसरे स्थान पर है। अभी हाल में सोनीपत में एक उद्योगपति का अपहरण कर लिया गया था और पूर्व परिवहन मंत्री ओमप्रकाश जैन के बड़े भाई को बदमाशों से बंधक बनाया था।