Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

दिग्विजय सिंह का प्रचार कर बुरे फंसे ‘कंप्यूटर बाबा’, दर्ज हुई एफआईआर

भोपाल। लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान कई बार ऐसे मामले देखने को मिले हैं, जब नेताओं ने आयोग की ओर से जारी की गई आचार संहिता का उल्लंघन किया है और आयोग की ओर से उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। हालांकि अब एक बाबा के खिलाफ चुनाव आयोग सख्त हो गया है और आचार संहिता उल्लंघन के मामले में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवा दी गई है। यह कोई और नहीं बल्कि भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के समर्थन में प्रचार करने वाले कंप्यूटर बाबा हैं।

दरअसल, कंप्यूटर बाबा वर्तमान समय में भारतीय जनता पार्टी से नाराज चल रहे हैं, क्योंकि भाजपा ने अपने राम मंदिर के मुद्दे पर कोई भी काम नहीं किया। इसके चलते उन्होंने भाजपा के विरोध में प्रचार करने के लिए दिग्विजय सिंह का साथ लिया। वहीं दिग्विजय सिंह के समर्थन में प्रचार करते समय बाबा ने आचार संहिता का उल्लंघन कर दिया और अब उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवा दी गई है।

दरअसल, भोपाल की लोकसभा सीट पर बीती 12 मई को मतदान हुआ था। जहां से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर मैदान में हैं और कांग्रेस के टिकट पर दिग्विजय सिंह मैदान में हैं। वहीं राम मंदिर मामले पर भाजपा से नाराज चल रहे साधु-संतों ने दिग्विजय सिंह को अपना समर्थन दिया था। कंप्यूटर बाबा की अगुवाई में भोपाल में तीन दिनों के हठ योग शिविर का भी आयोजन किया गया था। जिसमें दिग्विजय सिंह अपनी पत्नी अमृता सिंह के साथ पूजा पाठ करते नजर आए थे।

यही नहीं कंप्यूटर बाबा ने दिग्विजय के समर्थन में एक विशाल रैली भी निकाली थी। जिसमें उनके साथ बड़ी मात्रा में साधु-संत मौजूद थे। जिसके भोपाल के जिलाधिकारी ने कंप्यूटर बाबा के खिलाफ एक्शन लेते हुए उनके शिविर की जांच के आदेश दिए थे। जिसके बाद अब उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है।