Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के साथ हुए हादसे में विधायक कुलदीप सेंगर समेत 25 पर मुकदमा दर्ज

 

 

रायबरेली। उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के साथ हुए हादसे में दो महिलाओं की मौत के मामले में पुलिस ने सीतापुर जेल में बंद दुष्कर्म के आरोपित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर समेत 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दुष्कर्म पी​ड़िता के चाचा ने रायबरेली जनपद के गुरुबक्खगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें विधायक सेंगर के भाई मनोज सेंगर और रिंकू भी नामजद हैं।

आईपीसी की धारा 302, 307, 506, 120B के तहत यह मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमें में कुलदीप सिंह सेंगर, मनोज सिंह सेंगर, विनोद मिश्र, हरिपाल मिश्र, नवीन सिंह, कोमल सिंह, अरुण सिंह, ज्ञानेन्द्र सिंह, रिंकू सिंह और एडवोकेट अवधेश सिंह समेत 15-20 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़िता के चाचा महेश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उस पर सुलह करने का लगातार दबाब डाला जा रहा था और न मानने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। विधायक के कहने पर मनोज सेंगर अपने साथियों द्वारा आये दिन दबाब डाल रहा था। महेश सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया कि साजिश के तहत ही उसे उन्नाव से रायबरेली जेल भेजा गया है जिसमें पुलिस के लोग भी शामिल हैं।

सड़क हादसे के बाद जहां एक ओर विपक्षी पार्टियां प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा कर रही हैं, वहीं पीड़िता के परिजन भी इसे हादसा नहीं मानते। उनका आरोप है कि विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के इशारे पर ही इस घटना को अंजाम दिया गया है।

उन्नाव के विधायक कुलदीप सेंगर पर रेप का आरोप लगाने वाली पीड़िता, परिजनों समेत रविवार को रायबरेली में हादसे का शिकार हो गई। कार और ट्रक की टक्कर में पीड़िता की चाची और मौसी की मौत हो गई, जबकि हादसे में वकील महेंद्र सिंह चौहान और रेप पीड़िता की हालत गंभीर है। घायलों का किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।