Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

चक्रवात फेनी : आंध्र प्रदेश में तेज बारिश शुरू, ओडिशा में 8 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया

भुवनेश्वर। फेनी चक्रवात ने भारत में दस्तक दे दी है और इसकी वजह से अब भारत के तटीय राज्य आंध्र प्रदेश में तेज बारिश शुरू हो चुकी है। आंध्र प्रदेश के बाद इस तूफान के ओडिशा से टकराने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। जिसके चलते यहां हवाओं की गति 175 से 205 किमी प्रतिघंटे हो सकती है। ओडिशा में इस तूफान की वजह से खतरे की संभावनाओं को देखते हुए पहले ही अलर्ट जारी कर दिया गया है।

यहां के तटीय इलाकों में रहने वाले कुल 8 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर भी पहुंचा दिया गया है। वहीं आपात की स्थिति से निपटने के लिए भी काफी इंतजाम कर लिए गए हैं। इन लोगों के लिए यहां पर 880 राहत शिविर भी बनाए गए हैं। यहां के प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश दे दिए हैं। गंजाम, पुरी, खुर्दा, जगतसिंहपुर और कटक में भारी बारिश होने की संभावनाएं जताई जा रही है।

लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही ईस्ट कोस्टर्न रेलवे ने अब तक 103 ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है। साथ ही ओडिशा के 11 जिलों में आचार संहिता भी हटा दी गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के मुताबिक फेनी 6 किमी घंटे की रफ्तार से ओडिशा की तरफ बढ़ रहा है। वहीं ज्वाइंट टाईफून वॉर्निंग सिस्टम के मुताबिक यह कहा जा रहा है कि फेनी अब तक का सबसे खतरनाक चक्रवात साबित होने वाला है।

बताते चलें कि ओडिशा में साल 1999 में आए साइक्लोन के कारण 10000 से ज्यादा लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। वहीं अब फेनी चक्रवात की भयावहता को देखते हुए पहले ही नेवी, एयरफोर्स समेत कोस्ट गार्ड्स को अलर्ट पर रखा गया है और ओडीआरएफ की टीम पहले ही तैनात कर दी गई है।