Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

जौनपुर सांप्रदायिक हिंसा पर मुख्यमंत्री योगी सख्त, दो आरोपियों पर लगेगा रासुका

जिले के सरायख्वाजा इलाके में दो संप्रदायों के बीच हुई हिंसा पर उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्ती दिखाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दलितों के घर फूंकने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ रासुका लगाने का आदेश दिया है। यहां बच्चों को लेकर दो पक्षों में शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया।

हिंसा के दौरान एक पक्ष ने दूसरे समुदाय के आधा दर्जन घरों को आग के हवाले कर दिया। दोनों समुदायों के बीच हुई झड़प में करीब दर्जन भर लोग घायल हुए। हिंसा की घटना सामने आने और तनाव फैलने के बाद इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।

जानकारी के मुताबिक सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भदेठी गांव में एक समुदाय के कुछ लड़के गए थे जहां दूसरे समुदाय के लड़कों के साथ किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के विवाद बढ़ गया और नौबत मारपीट तक आ गई। आरोप है कि इसके बाद एक समुदाय के लोग जुटकर दूसरे पक्ष के लड़कों के साथ मारपीट की। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के करीब दर्जन भर लोग घायल हुए।

घटना की जानकारी मिलने और इलाके में तनाव फैलने की सूचना पाकर मौके पर प्रशासन पहुंचा। इसके बाद वहां पुलिस की तैनाती कर दी गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सांप्रदायिक हिंसा की घटना सामने आने के बाद आईजी रेंज वाराणसी ने मौके का मुआयना किया। आईजी ने इस घटना में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।