Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

टेल तक पानी पहुंचाने के संकल्पबद्ध हैं मुख्यमंत्री : निताशा – किसानों ने जताया सरकार का आभार

ऐलनाबाद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल हर टेल तक पानी पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। किसानों की मांगों को हमेशा प्राथमिकता के आधार पूरा किया जाता है। यह बात भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री निताशा राकेश सिहाग ने कही। वे खारी सुरेरां में अपने निवास पर आये ऐलनाबाद ग्रामीण क्षेत्र के किसानों से मुखातिब हो रही थी। यहां किसान मोर्चा पोहड़का मंडल के अध्यक्ष प्रदीप सहारण व दर्जनों किसानों ने मुख्यमंत्री द्वारा किसान हित में किये कार्यों के लिए भाजपा नेत्री निताशा सिहाग को सर छोटूराम का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। ओढां रैली में शेरावाली नहर के टेल तक पानी पहुंचाने के संकल्प से लेकर मल्लेकां माइनर के लिए बजट और कृषि क्षेत्र की घोषणाओं के लिए किसानों ने निताशा के माध्यम से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मौके पर दयाराम सहारण, अमरसिंह सहारण, हरिसिंह सहारण, जगदीश सहारण, प्रकाश, राजेन्द्र डूडी, रामचन्द्र गेदर, सोहनलाल गोदारा, डा राजेन्द्र गढ़वाल, धर्मपाल बाना, बंशी लाल बाना, पृथ्वी सिंह पुनिया, राजु सोनी, कालुराम ढाका, रतिराम स्वामी, राजू हुड्डा आदि दर्जनों किसान थे।

यहां भाजपा नेत्री सिहाग ने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों को समय पर मुआवजा देने के अलावा किसान हित में कोई भी कदम उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। वे दिन गए जब किसान मुआवजा पाने के लिए सालों इंतजार करते थे। अब पूरी व्यवस्था डिजिटल हो गई है। अब किसान भी विश्वास करने लगे हैं कि उन्हें कम समय में मुआवजा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार निरंतर किसानों के हितों में कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। फसल बीमा योजना के अलावा किसानों को जोखिम फ्री बनाने के लिए भावांतर भरपाई योजना से लेकर मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना चलाकर राज्य सरकार ने सदैव किसान भाईयों को यही संदेश दिया है कि सरकार सदैव उनके साथ खड़ी है और आर्थिक तौर पर किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं आने दी जाएगी।