Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

चौधरी चरण ने हमेशा किसानों के हक़ की लड़ाई लड़ी: मुलायम

पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 116वीं जयंती पर आज समाजवादी पार्टी कार्यालय, लखनऊ में सपा मुख्या मुलायम सिंह यादव उनके तस्वीर पर माल्यार्पण किया। मुलायम के साथ अखिलेश यादव सहित पार्टी के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि चौधरी साहब किसानों के साथ आम आदमी के हक की लड़ाई लड़ते रहे थे।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर हम आज ‘‘किसान दिवस‘ मनाकर उन्हें दिल से याद कर रहे हैं। उन्होंने ही किसानों को राजनीतिक विमर्श का केन्द्र बनाया था। वर्तमान सरकार अगर उनका संदेश याद रखती तो आज किसानों और कृषि की इतनी उपेक्षा नहीं होती।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक सच्चाई है कि किसानों की दिल्ली में दस्तक देने का श्रेय चौधरी साहब को ही जाता है। केन्द्रीय वित्तमंत्री के रूप में चौधरी साहब ने पहली बार केन्द्रीय बजट का 70 प्रतिशत हिस्सा गांवों के उत्थान, किसानों की उन्नति और कृषि की तरक्की के लिए रखा था। उनके पद चिह्नों पर चलते हुए उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार ने अपने बजट में 75 प्रतिशत धनराशि गांव-खेती और किसानों के लिए रखी थी।

अखिलेश यादव ने कहा कि कृषि की उपेक्षा से आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है। रोजगार का संकट है। खेती को लेकर सरकारी नीतियां स्पष्ट नहीं है। देश आज जिन समस्याओं से जूझ रहा है चौधरी साहब की नीतियों में उनका समाधान पाया जा सकता है। श्री चरण सिंह भ्रष्टाचार और जातिवाद के भी घोर विरोधी थे। उन्होंने एक सच्चे गांधीवादी के तौर पर सादगी और शुचिता के साथ अपना जीवन जिया। वे राजनीति में आ रही विकृतियों के विरोधी थे। समाजवादी पार्टी चौधरी चरण सिंह जी के विचारों पर चलने के लिए संकल्पित है।