Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

धारा 370-राम मंदिर निर्माण पर बोले योगी, ’न मच्छर मरा, न खून की नदी बही

आगरा कॉलेज मैदान में एबीवीपी के 56वें राष्ट्रीय अधिवेशन का आखिरी दिन

आगरा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन में आये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि धारा 370 हटाये जाने का विरोध और जन साधारण के विध्वंसक होने की घुड़की देने वालों की ओर इशारा करते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने पर कहते थे कि हटेगा तो ये हो जाएगा, वो हो जाएगा, लेकिन एक तिनका तक नहीं हिला। श्रीराम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ होने पर खून की नदियां बहने की घुड़की की बात कौन कहे, एक मच्छर भी नहीं मरा।

योगी की इस चुटकी पर जमकर नारेबाजी हुई। उन्होंने कहा कि एबीवीपी ने इसको समाप्त करने की लंबी लड़ाई लड़ी। अब इसके पक्ष में सकारात्मक माहौल तैयार करें। श्रीराम मंदिर मसले पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हुए योगी ने कहा कि जो कहते थे कि निर्णय आने पर यहां खून की नदियां बहेगी। वे दिखे भी नहीं। इतना ही नहीं, निर्णय के बाद एक मच्छर भी नहीं मरा। यह भारत के लोकतंत्र और न्यायपालिका की ताकत है। भारत देश और दुनिया का नेतृत्व करने को तैयार है। किसी ने आंख तरेरी तो गंभीर परिणाम होंगे।

समाजवादियों पर तंज कसते हुए योगी ने कहा कि राममनोहर लोहिया कहते थे कि भारतीय एकात्मता का आधार भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और शंकर हैं। हालांकि वे किसी विधि में विश्वास न रखने वाले थे। सीएम ने कहा कि एबीवीपी के इस राष्ट्रीय अधिवेशन में एक लघु भारत का दृश्य दिख रहा है। अरुणांचल और द्वारिका की चर्चा की। लोहिया के कथन का आधार भी बताया। कहा कि अरुणांचल से द्वारिका तक तकरीबन 3500 किमी की दूरी भगवान श्रीकृष्ण और कश्मीर से कन्याकुमारी तक की तकरीबन 3000 किमी की दूरी का सम्बंध भगवान श्रीराम से है।

आगरा कॉलेज मैदान में आयोजित एबीवीपी के 56वें अधिवेशन में उन्होंने कहा कि छात्रशक्ति को जब विध्वंशक बताया जा रहा था, तब एबीवीपी इसे राष्ट्रशक्ति के रूप में बदल रहा था। छात्रशक्ति, राष्ट्रशक्ति की ऊर्जा में परिवर्तित हो रहा था। हर भारतवासी के मन में संगठित भाव से कार्य करने की प्रेरणा जगाने की जरूरत है। अनाथों को सनाथ बनाने की मुहिम में जुटे मुम्बई के सागर रेड्डी को सम्मानित करने के बाद बोल रहे योगी ने कहा कि जिस व्यक्ति में जीवंतता दिखे, वही जीवन है। रेंगना, जीवन नहीं है। हर व्यक्ति योग्य है। एक योजक चाहिए।

एबीवीपी की चर्चा करते हुए कहा कि यह संगठन किसी राजनैतिक शक्ति का हिस्सा नहीं बना, छात्रशक्ति को राष्ट्रशक्ति के रूप में परिवर्तित करने में जुटा रहा है। हर व्यक्ति सागर रेड्डी बन सकता है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी केवल कैम्पस तक ही नहीं सिमटा है, राष्ट्र भाव को पैदा करने के लिए समाज मे भी कार्य किया है। भारत और भारतीयता को समाप्त करने की मंशा रखने वालों को कहा अब ये नए तरीके से हथियार चला रहे हैं। ऐसे में सावधानी जरूरी है।