Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

फौजी की पत्नी और सास की गला रेतकर हत्या, देवर गिरफ्तार

मैनपुरी। जनपद में थाना बिछवा के हेमपुरा गांव में फौजी की पत्नी और सास की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी पर बुधवार को पहुुंची पुलिस ने फॉरेंसिक जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के देवर को गिरफ्तार कर मामले की जांच में जुट गई।

जनपद कन्नौज के ग्राम नौगाई निवासी राजकिशोर 26 वर्षीय पुत्री अंजू का अपने ही एक दूर के रिश्तेदार हेमपुरा गांव निवासी विपिन कुमार से प्रेम प्रसंग था। परिजनों के मुताबिक, दोनों एक दूसरे को प्रेम करने लगे और इस बीच शारीरिक संबंध भी बनाए। दो वर्ष पूर्व विपिन की आर्मी में नौकरी लग गई। नौकरी लगने के बाद विपिन ने अंजू से शादी करने से साफ इनकार कर दिया। विपिन के घर वाले भी इस शादी को लेकर तैयार नहीं थे।

इस पर अंजू ने छिबरामऊ कोतवाली में विपिन के खिलाफ दुष्कर्म व अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज करा दिया। जब विपिन को डर लगा कि अब वह जेल जायेगा और उसकी नौकरी भी चली जायेगी तो​ विपिन ने अंजू से कोर्ट मैरिज भी कर ली। शादी के बाद विपिन अंजू को अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया और मायके में छोड़कर लद्दाख नौकरी पर चला गया।

इस पर पीड़ित ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ससुरालियों ने अंजू को अपने साथ रख लिया। ससुराल में प्रर्याप्त कपड़े न होने पर अंजू ने अपनी मां को भी कपड़े लेकर बुला लिया था। मंगलवार की देर रात दिल्ली से लौटे देवर कुलदीप ने धारदार हथियार से भाभी और उसकी मां की गला रेतकर हत्या कर दी। बुधवार की सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर आरोपित देवर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार सास-ससुर की गिरफ्तारी के लिए दबिश पर है।