Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ अमन गुलाटी

देव श्रीवास्तव/लखीमपुर-खीरी।
लम्बी राखी से लेकर राज्यपाल की पुस्तक का वल्र्ड रिकार्ड फ्रंट पेज तैयार करने वाला अमन गुलाटी एक बार फिर चर्चा में है। लेकिन इस बार चर्चा अमन के किसी रिकार्ड बनाने को लेकर नहीं बल्कि रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो जाने को लेकर हो रही है। 17 वर्षीय अमन गुलाटी बृहस्पतिवार को घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा। व्हाट्सअप  स्टेटस भी रात 11:55 तक दिखा रहा है। परिवार ने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट लिखने के बाद न केवल अमन की तलाश में कई टीमें लगाई हैं बल्कि सर्विलांस सेल की भी मदद ले रही है। 
  शहर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी अमन गुलाटी उस समय चर्चा में आया था जब उसने वर्ष 2017 में रक्षा बंधन के अवसर पर विश्व की सबसे बड़ी राखी बनाने का कीर्तिमान बनाया था। यह राखी अमन गुलाटी ने देश की सुरक्षा करने वाले जवानों को समर्पित की थी। इसके बाद अमन गुलाटी ने भगत सिंह का विश्व का सबसे छोटा पोर्टेट और गुरु गोविंद सिंह साहिब का विश्व रिकार्ड पजल पोर्टेट तैयार कर जिले का नाम रोशन किया। छोटी सी उम्र में प्रतिभा का लोहा मनवा रहे अमन ने आर्ट की दुनियां में कोल पेंटिंग की शुरुआत की। कई कोल पेटिंग जनता के सामने लाईं। इस बीच अमन ने राज्यपाल रामनाईक से मुलाकात की। रामनाईक द्वारा भेंट की गई पुस्तक ‘चरैवेति-चरैवेतिÓ के फ्रंट पेज तैयार किया। यह फ्रंट पेज दुनियां भर की किसी भी पुस्तक का सबसे बड़ा फ्रंट पेज थी। इसके लिए यूनिक वल्र्ड रिकार्ड ने अमन को सम्मानित भी किया। राज्यपाल ने भी अमन को उनकी उपलब्धियों के लिए शाबासी देते हुए सम्मानित किया था। 
  अमन ने कुछ समय से अपने ही घर पर गरीब बच्चों को कोल पेंटिंग सिखाने के लिए नि:शुल्क कोचिंग खोल रखी है। अमन का सपना जिले के गरीब बच्चों की प्रतिभाओं को निखार कर राष्ट्रीय एवं अंर्तराष्ट्रीय मंच पर ले जाना है। सब-कुछ सही सलामत चल रहा था कि अचानक बृहस्पतिवार को अमन रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। पिता प्रदीप गुलाटी ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को घर से पैदल निकला था। वह कहां और किसलिए जा रहा था? इसकी जानकारी उसने किसी को नहीं दी। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा तो परिवार को चिंता हुई। खोजबीन शुरू हुई। नाते-रिश्तेदारियों में पता करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली। उसका मोबाइल भी स्विच आफ था। परेशान हाल पिता ने शुक्रवार को कोतवाली सदर पुलिस को पुत्र के गायब होने की दी। सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। गुमशुदा अमन सिंह गुलाटी के पिता प्रदीप गुलाटी ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब 11:55 मिनट पर अमन का व्हाट्सएप आनलाइन हुआ है। इसके बाद से फिर आफ लाइन हो गया। शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे भी वह व्हाट्सएप पर ही आनलाइन दिखा। उसके बाद से वह आल लाइन नहीं दिखा। शहर कोतवाल अशोक कुमार पांडे ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं। सर्विलांस सेल की भी मदद ली जा रही है। 

अमन को जल्द तलाशने की मांग

अमन के अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो जाने से जिलेवासी अवाक हैं। किसी को भी समझ नहीं आ रहा कि अमन के साथ क्या हुआ। क्या वह खुद कहीं चला गया या फिर वह किसी के कब्जे में हैं। हालांकि परिवार के पास किसी भी तरह का कोई फोन नहीं आया। लोग अमन के सकुशल होने की कामना कर रहे हैं और पुलिस से अमन को जल्द तलाश करने की मांग की है।