Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अखिलेश ने पिता के साथ किया कारगिल शहीद बृजलाल की प्रतिमा का अनावरण,निशाने पर रही बीजेपी

लखनऊ समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज फिरोजाबाद के नगला छवैया के करघा गांव में कारगिल शहीद बृजलाल की प्रतिमा का अनावरण किया। आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के चलते नौजवान, किसान, गरीब सभी परेशान हैं। वीर सैनिकों को भी पर्याप्त सम्मान नहीं मिला। भाजपा के लोग अब हिन्दू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद के मुद्दे उछालकर अपनी नाकामियों से ध्यान हटा रहे हैं।

अपने सम्बोधन में अखिलेश ने कहा कि देश की फौज पर देशवासियों को गर्व है। भारत माता की रक्षा के लिए ना जाने कितने वीरों ने अपनी शहादत दी। लेकिन भाजपा की सरकार ने सेना को सम्मान देने के बजाय अपनी राजनीति से अपमानित करने का काम किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादियों को जब भी मौका मिला उन्होंने फौज और फौजियों को सम्मान देने का काम किया है। नेताजी मुलायम सिंह यादव जब रक्षा मंत्री थे तो उन्होंने फैसला लिया था कि शहीद होने के बाद जवानों का शव उनके घर आएगा। उसके पहले केवल बेल्ट और कैप आती थी। इसी तरह से नेताजी जब मुख्यमंत्री थे तो जवानों के शहीद होने पर प्रदेश सरकार की तरफ से 5 लाख रुपए की मदद देना शुरू किया था, और जब फिर सरकार बनी तो हमने सेना, पैरामिलिट्री और पुलिस के जवानों को शहीद होने पर ₹20 लाख देकर उनके परिवार की मदद करने का काम किया। वहीं मुलायम सिंह यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार सिर्फ अपनी पार्टी के नेताओं के लिए काम कर रही हैं। सभी वर्गों के लिए कोई काम नहीं कर रही है। मुलायम ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना बहुत जरूरी है। भाजपा को समाजवादी पार्टी ही हरा सकती है। हमें एकजुट होकर हर हालत में इसे हटाना होगा।

मुलायम सिंह यादव ने कहा कि जनता जानती है कि जब भी समाजवादी पार्टी की सरकार आती है तो वह किसानों, गरीबों, नौजवानों और महिलाओं के लिए काम करती है। उन्हांेने कहा कि आने वाला लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। किसानों, बेरोजगारों, महिलाओं और नौजवानों को समाजवादी पार्टी से बहुत उम्मीदें हैं। समाजवादी पार्टी ने हमेशा इन वर्गों की मदद की और उनकी समस्याओं को हल किया है। जनसभा में पूर्व सांसद रामजी लाल सुमन एवं उदय प्रताप सिंह, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, बदायूं से सांसद धर्मेन्द्र यादव समेत बड़ी संख्या में विधायक, सांसद आदि मौजूद थे।