Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता हादसा : पीड़ित ​परिवार से मिले अखिलेश, कांग्रेस नेताओं पर लाठीचार्ज

 

 

लखनऊ। रायबरेली दुर्घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से मिले और पूरे मामले में प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। इधर, भारी संख्या में कांग्रेसियों ने भाजपा मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इसमें पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया है।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि पीड़िता अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। उसके परिवार के सदस्य मांग कर रहे हैं कि उनका सदस्य जो जेल में वो तो बाहर आ जाये। क्या गुनाह कर रहा है परिवार, अगर परिवार को सरकार के किसी कर्मचारी पर नहीं भरोसा है उन्हें चाचा पर भरोसा है तो सरकार उसके लिए भी कुछ नहीं कर रही है। सरकार को पीड़ित परिवार की मदद करना चाहिये। क्योंकि जनता ने बहुत भरोसा करके सरकार बनायी है। ये सरकार की जिम्मेदारी है कि उसका कोई भी नागरिक दुख तकलीफ में न हो। जब बेटी दुख तकलीफ में होगी तो सोचा कौन न्याय देगा। उन्होंने यह आरोप लगाया है कि सरकार के निगरानी में ही पूरी घटना हुई है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। संसद से लेकर सड़क तक पार्टी पीड़ित की लड़ाई लड़ेगी। पार्टी फंड से पीड़ित परिवार को दस लाख रुपये आर्थिक सहायता देगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेरा भाजपा मुख्यालय, लाठीचार्ज

भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती के साथ रायबरेली में हुए हादसे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को सड़क पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। विधायक आराधना मिश्रा सांसद सावित्रीबाई फुले और पूर्व सांसद राकेश सिंह, अजय सिंह लल्लू समेत भारी संख्या में कांग्रसी प्रदर्शन कर रहे है। बवाल को देखते हुए पुलिस ने अजय सिंह लल्लू समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज किया है।