Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

25 सितंबर के बाद बदलेगा देश का राजनीतिक समीकरण: अभय चौटाला कहा, देश के दिग्गज राजनीतिज्ञों के अलावा लाखों करेंगे जननायक को श्रद्धासुमन अर्पित

सिरसा(सतीश बंसल) । इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव व ऐलनाबाद के विधायक अभय
सिंह चौटाला ने कहा कि जिला फतेहाबाद में आगामी 25 सितंबर को चौधरी
देवीलाल जयंती पर होने वाले सम्मान दिवस रैली ऐतिहासिक होगी क्योंकि इसी
दिन देश में तीसरे मोर्चे के गठन की रूपरेखा तय होगी।
वे बुधवार को डबवाली रोड स्थित इनेलो की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को
संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल जयंती समारोह
में जननायक को नमन करने के लिए न केवल हरियाणा बल्कि पंजाब, राजस्थान,
उत्तरप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में लोग
शिरकत करेंगे। इनेलो नेता ने कहा कि देश प्रदेश में अभी तक लोगों के पास कोई
राजनीतिक विकल्प नहीं था मगर इसी दिन भाजपा कांग्रेस के खिलाफ तीसरे
मोर्चे के गठन की कवायद आरंभ होगी जिसमें देश के विपक्षी राजनीतिक दलों
के कद्दावर नेता अपनी भूमिका निभाएंगे। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा
देश में सीबीआई व ईडी के माध्यम से राज करना चाहती है जिसे कदापि
बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जोड़ा कि यदि सरकारी एजेंसियां कानून
सम्मत कार्रवाई करती हैं तो उन्हें किसी प्रकार का कोई एतराज नहीं है।
इनेलो नेता ने इस अवसर पर कहा कि सम्मान दिवस रैली के बाद देश प्रदेश में
बड़े पैमाने पर राजनीतिक स्तर पर काफी बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने जेजेपी
की ओर संकेत के रूप में कहा कि जो लोग चौधरी देवीलाल के नाम पर सत्ता में
हैं, वे आज उनकी जयंती पर आयोजन करने का भी साहस नहीं जुटा पा रहे।
उन्होंने कहा कि जेजेपी आज पूरी तरह से फेल हो चुकी है और इस बात पर
प्रदेश की जनता आगामी 2024 में होने वाले विधानसभा चुनावों में मोहर
लगाकर साबित करेगी। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि विकास का ढिंढोरा पीटने
वाली वर्तमान भाजपा जजपा सरकार के कार्यकाल में राजकीय स्कूलों को बंद कर
शिक्षा का व्यवसायीकरण किया जा रहा है। रोजगार के मामले में हरियाणा देश
में नंबर वन है और रोजगार हासिल न होने के कारण युवा नशे व अपराध की ओर
बढ़ चला है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सभी
हाईवे पर सम्मान दिवस रैली के होर्डिंग्स लगाएं।
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने सम्मान दिवस रैली को इनेलो के सभी
प्रकोष्ठों की ओर से 22 जोनों में बांटकर इसकी तैयारियां युद्धस्तर पर की
जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस रैली में जहां हरियाणा से महिलाएं काफी

संख्या में हरी चुनरी व हरा सूट पहनकर आएंगी वहीं पुरुष भी हरी पगड़ी
पहनकर इस रैली की ऐतिहासिकता में महत्ती भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा
कि इस सम्मान दिवस रैली में किसी भी व्यक्ति को पेयजल अथवा किसी भी अन्य
प्रकार की कोई असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक पैमाने पर प्रबंध किए जा
रहे हैं।

ये रहेंगे इस सम्मान दिवस रैली का आकर्षण
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इस सम्मान दिवस रैली में जहां देश के विभिन्न
राज्यों से लाखों लोग अपने जननायक को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे वहीं देश
के राजनीतिक पटल पर सर्वोपरि माने जाने वाले इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश
चौटाला, पंजाब के पूर्व सीएम सरदार प्रकाश सिंह बादल, पूर्व केंद्रीय
मंत्री शरद पवार, बिहार के सीएम नीतिश कुमार, राज्यपाल सतपाल मलिक, फारूख अबदुल्ला, टीएमसी
के वरिष्ठ नेताओं के अलावा, उत्तरप्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी
यादव व सीताराम येचूरी भी पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के चरणों में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर
उन द्वारा प्रदेश और देश के विकास में दिए गए योगदान को याद करेंगे।
इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी को युवा इनेलो नेता कर्ण चौटाला, महिला
प्रकोष्ठ की प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला ने भी संबोधित किया। उनके
अलावा बैठक में इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, इनेलो किसान सैल
के प्रदेश संयोजक फूल सिंह मंजूरा, महिला प्रदेश संयोजक सुमित्रा देवी,
वेद मुंडे, नरेंद्र प्रजापत, पूर्व विधायक डॉ. सीताराम, इनेलो प्रदेश
कार्यकारिणी के सदस्य जसवीर जस्सा, महंत बलदेव दास, इनेलो महिला विंग की
जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट, विनोद बेनीवाल, इनेलो कार्यालय सचिव नछत्र सिंह
मल्हान, जिला प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा, धर्मवीर नैन, जसविंद्र बिंदु,
सुभाष नैन, अभय सिंह खोड, राजेंद्र बेनीवाल, गुरविंद्र सिंह गिल, जरनैल
चंदी सहित अनेक वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।