Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

शाहिद अफरीदी ने भारतीय क्रिकेटर गौतम पर लगाए गंभीर आरोप, बताया ‘सड़ियल’ इंसान

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने हाल ही में अपनी आत्मकथा लॉन्च की है। जिसे उन्होंने गेम चेंजर के नाम से लिखा है। इस ऑटोबायोग्राफी के जरिए अफरीदी ने कई चौकाने वाले खुलासे किए हैं। इस आत्मकथा के जरिए सबसे बड़ा खुलासा उन्होंने अपनी उम्र को लेकर किया था। जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि सबसे कम उम्र में उनके शतक मारने के रिकॉर्ड को आईसीसी छीन भी सकता है।

वहीं अब उन्होंने भारत के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। अफरीदी ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि गंभीर एक निगेटिव खिलाड़ी थे। गौरतलब हो कि कई मौकों पर इन दोनों ही खिलाड़ियों के बीच जुबानी जंग हो चुकी है। 2007 में कानपुर में वनडे मैच के दौरान अफरीदी और गंभीर के बीच काफी बहस हुई थी। जिसके बाद अंपायर इयन गूल्ड को दोनों के बीच बीचबचाव करना पड़ा था।

हालांकि इस बहस का हर्जाना दोनों ही खिलाड़ियों को भुगतना पड़ा था। अफरीदी पर जहां मैच रेफरी ने मैच फीस का 95 प्रतिशत जुर्माना तो गंभीर पर 65 प्रतिशत जुर्माना लगाया था। यही नहीं क्रिकेट के मैदान के अलावा यह दोनों खिलाड़ी अक्सर सोशल मीडिया पर भी उलझे रहते हैं। अफरीदी ने अपनी किताब में लिखा है कि गंभीर पॉजिटिव व्यक्ति नहीं थे, वह मैच के दौरान कभी भी भड़क जाते थे।

अफरीदी ने लिखा है कि ‘गंभीर ऐसा व्यवहार करते थे मानो वह डॉन ब्रैडमैन और जेम्स बॉन्ड का मिश्रण हैं। कराची में हम ऐसे लोगों को सड़ियल बुलाते हैं। सीधी बात है, मुझे खुश और सकारात्मक लोग पसंद हैं। फिर फर्क नहीं पड़ता कि वह गुस्सैल या प्रतिस्पर्धी है लेकिन आप पॉजिटिव होने चाहिए और गंभीर वैसे नहीं थे।