Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अयोध्या पर फैसले के बाद आतिशबाजी करने पर ‘अभाहिम’ का कार्यालय सील, राष्ट्रीय अध्यक्ष नजरबंद

 

बस स्टैंड से तीन युवक गिरफ्तार

मेरठ। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आतिशबाजी करने के आरोप में पुलिस ने ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र से तीन युवकों को गिरफ्तार करते हुए ब्रह्मपुरी स्थित अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के कार्यालय को सील कर दिया है और महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक शर्मा को नजरबंद किया गया है।

सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला आने से पहले ही महानगर में पुलिस-प्रशासन लोगों से आपसी भाईचारा व सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील बार-बार कर कर रहा था। पुलिस प्रशासन की भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद महानगर में होने वाली हलचल पर पैनी निगाह थी। सोशल साइट्स को भी खंगाला जा रहा था।

पुलिस प्रशासन द्वारा बार-बार चेतावनी भी दी जा रही थी कि कोई भी महानगर की फिजा, उसकी अमन शांति पर खलल ना डालें यदि ऐसा हुआ तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। असामाजिक तत्वों को देखते ही तत्काल गिरफ्तारी करने के संकेत एसएसपी अजय साहनी ने पहले ही दे दिए थे।

आज उसी क्रम में शहर की फिजा को बिगाड़ने की कोशिश में आतिशबाजी करने के आरोप में थाना नौचंदी क्षेत्र स्थित सोहराब गेट बस स्टैंड से तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। अब तक शहर की शांति भंग करने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ब्रह्मपुरी स्थित अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कार्यालय को सील कर दिया गया है और महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक शर्मा को नजरबंद किया गया है।

आज सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पूर्व सुबह से ही शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा था। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद मेरठ की सड़कों पर सन्नाटा रहा। लोग भी सड़कों पर कम दिखाई दिए। बाजार बन्द थे और जो इक्का-दुक्का दुकानें खुली थी उन्हें पुलिस बंद करवा रही थी। महानगर में सभी स्कूल कॉलेज प्राइवेट सरकारी शिक्षण संस्थान 9 तारीख से 11 तारीख तक डीएम अनिल ढींगरा ने बंद करने के निर्देश दिए है और आदेश ना मानने पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।