नई दिल्ली। राम मंदिर का वादा करने वाली सरकार ने शनिवार को अयोध्या में भगवान राम की 221 फीट ऊंची प्रतिमा को हरी झंडी दिखा दी। 24 नवंबर देर रात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम की 221 फीट ऊंची मूर्ति के निर्माण संबंधी प्रक्रिया को हरी झंडी दिखाई। सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने इस बात की जानकारी दी।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि, भगवान राम की मूर्ति 151 मीटर ऊंची होगी, इसके साथ प्रतिमा के ऊपर 20 मीटर ऊंचा छत्र और नीचे कुल 50 मीटर का आधार होगा। अवस्थी के अनुसार, मूर्ति पीतल धातु से बनाई जाएगी।
राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार प्रतिमा के आधार के भीतर “आधुनिक संग्रहालय” बनाया जाएगा जिसमें अयोध्या का इतिहास प्रदर्शित होगा। इसके अलावा, “इक्ष्वाकु वंश” के इतिहास में राजा मनु से लेकर वर्तमान “राम जन्मभूमि” तक का इतिहास समाहित होगा।
संभावित और प्रस्तावित म्यूजियम में भगवान विष्णु के सभी अवतारों के विवरण सहित “भारत के समस्ता सनातन धर्म” के विषय में आधुनिक तकनीक पर प्रदर्शन की व्यवस्था की जाएगी। सरकार के आधिकारिक प्रवक्ताअ ने कहा, इस प्रतिमा के लिए उपयुक्त भूमि का चयन, मिट्टी का परीक्षण तथा विंड टनल टेस्टिंग समेत अन्य कार्य कराए जा रहे हैं।”