लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने युवा संगठनों की बैठक में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है, कार में जलाकर व्यापारी दिनदहाड़े लूटे जा रहे हैं, समाजवादी योजनाओं से छेड़छाड़ की जा रही है
उन्होंने कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ईवीएम पर सवाल उठ रहे हैं। आने वाले चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग को लेकर व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
अखिलेश यादव बुधवार को पार्टी मुख्यालय में समाजवादी युवजन सभा, छात्र सभा, लोहिया वाहिनी और यूथ ब्रिगेड की सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार तो नहीं बन पाई है लेकिन जनसमर्थन बहुत मिला है।
प्रदेश में जनता को गुमराह कर धोखे की सरकार बन गई है। भाजपा सरकार सपा सरकार के विकास कार्यों से छेड़छाड़ कर रही है।बिजली तो पहले से शहरी क्षेत्रों में 22 से 24 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 16 से 18 घंटे आपूर्ति हो रही है। भाजपा की कर्जमाफी धोखा है, भाजपा किसान विरोधी है। 2022 में सत्ता में आने पर विकास के कार्यों को फिर से पटरी पर लाएंगे।